Type Here to Get Search Results !

अस्पताल के चार मालिकों सहित मैनेजर पर गैर इरादतन हत्या की एफआईआर

न्यू लाइफ की आग से निकले सुलगते सवाल, हाईकोर्ट को भी नहीं मिला अनफिट बिल्ंिडग में चल रहे अस्पतालों का जवाब

 जबलपुर। मात्र दो हजार वर्गफुट एरिया में न्यू लाइफ मल्टी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल की बिल्ंिडग और प्रोविजनल फायर एनओसी की मियाद भी खत्म होने के बाद भी उसके संचालन से 8 लोगों की जिंदगी खाक हो गई। अस्पताल में लगी आग से कई सुलगते हुए सवाल उठे हैं जिनके जवाब में सिर्फ दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन है। जबकि ऐसे ही सवालों में से एक मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने शासन से पूछा था कि कितने अनफिट भवन हैं जिनमें नियम विरुद्ध अस्पताल संचालित हो रहे हैं। जनहित याचिका की सुनवाई में बीते 30 जून को चीफ जस्टिस रवि मालिमठ व जस्टिस विशाल मिश्र की डिवीजन बेंच ने राज्य शासन को अंतिम अवसर देते हुए पूछा था, लेकिन उसका जवाब नहीं मिला। अस्पताल के मालिक डॉ निशिथ गुप्ता, डॉ सुरेश पटैल व पार्टनर संजय पटैल, संतोष सोनी सहित मैनेजर राम सोनी पर गैर इरादत हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सांसद राकेश सिंह आज घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

 डॉक्टर और पार्टनर फरार, मैनेजर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शिवनगर चंडालभाटा स्थित न्यू लाइफ मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल में लगी भीषण आग में 8 लोगों की मौत और 5 घायल होने के मामले में विजय नगर पुलिस ने अस्पताल के 4 मालिक पार्टनर एवं अस्पताल मैनेजर के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का प्रयास एवं गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया है। एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की 3 टीमें फरार अस्पताल मालिकों को गिरफ्तार करने हरसंभव प्रयास कर रही हैं। विजय नगर थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर ने बताया कि न्यू लाइफ मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल के चारों संचालकों व मैनेजर राम सोनी पर धारा 304, 308, 34 का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। अस्पताल में आग लगने के बाद फरार हुए मैनेजर राम सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल के सभी चारों फरार पार्टनर की तलाश की जा रही है। 

 मेडिकल कॉलेज में रात में कराए गए सभी पोस्टमार्टम

 धुआं एवं आग में झुलसकर हुई मौत के बाद सभी 8 शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजे गए। डॉक्टरों की टीम ने रात में ही सभी शव का पीएम किया। पुलिस की प्राथमिक आवश्यक कार्रवाई के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। 

सिंगरौली -सतना से पहुंचे मृतकों के परिजन, दो की हालत गंभीर 

हादसे में नारायणपुर सतना निवासी 24 वर्षीय स्वाति वर्मा, 23 वर्षीय महिला जाटव निवासी नरसिंहपुरएवं 30 वर्षीय संगीता बरकड़े निवासी बीजाडांडी मंडला के परिजन देर रात जबलपुर मेडिकल अस्पमाल पहुंचे थे। 26 वर्षीय सोनू उर्फ अमर यादव निवासी चित्रकूट मानिकपुर के परिजन सुबह-सुबह मेडिकल अस्पताल पहुंचे। मृतक वीरसिंह , दुर्गेश सिंह, तन्मय विश्वकर्मा एवं अनुसुईया यादव के परिजन हादसे के तत्काल बाद ही मेडिकल पहुंच गए थे। घटना में घायल अमित शर्मा, दीपा यादव, रूबी पटेल, रेवालाल बड़करे एवं हल्कीबाई अहिरवार को मेट्रो अस्पताल सहित मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 5 घायलों में से एक की हालत चिंताजनक बताई है। 24 वर्षीय अमित शर्मा निवासी सिंगरौली के परिजन सुबह-सुबह अस्पताल पहुंच गए हैं। 

कोतवाली-गोहलपुर थाना के बल ने संभाला मोर्चा

अस्पताल में लगी आग की सूचना पर गोहलपुर थाना प्रभारी विजय तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी अनिल गुप्ता, विजय नगर थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे। थाना प्रभारियों ने साहस का परिचय दिखाते हुए घायलों को अस्पताल से बाहर निकाला। 10 से 12 लोगों को पुलिस की टीम ने सुरक्षित अस्पताल से बाहर निकाला। रेस्क्यू करते हुए थाना प्रभारी विजय तिवारी और अनिल गुप्ता को चोट पहुंची। अधिकारियों के साथ एसआई अनिल गौर, एएसआई सुरेश सिंह कैथल, सौरभ अहिरवार, वीरेंद्र धुव्रे, प्रधान आरक्षक अंदेश त्रिपाठी, आशीष अबाढी, सार्थक तिवारी, आशीष तिवारी एवं अजय दीक्षित ने अस्पताल के अंदर घुसकर घायलों को बड़ी मुश्किल से निकाला। पुलिस फोर्स द्वारा मौके पर किए गए कार्य की लोगों ने सराहाना की। मेट्रो अस्पताल में भर्ती घायल महिला ने कहा कि पुलिस नहीं पहुंचती तो कुछ देर में मौत हो जाती।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.