Type Here to Get Search Results !

अंधेरी रात में कब्र खोदकर लाश दफनाने की सूचना पर पहुंची रांझी पुलिस

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोदी कब्र, निकला रॉटविलर कुत्ता 

जबलपुर। अंधेरी रात में 4 लोग टार्च की रोशनी में गेंती-फावड़ा लेकर पहुंचे और कब्र खोदकर लाश दफना दी ...रांझी पुलिस को यह सूचना देर रात वीकल फैक्टरी क्वाटर्स में रहने वाले एक अधिकारी के बेटे दी। हत्या की आशंका और अपराध छिपाने की इस सनसनीखेज सूचना मिलने के बाद रांझी टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बताए गए स्थान पर पहुंची पुलिस ने देखा कि ताजी कब्र खोदी गई है। पुलिस ने उक्त परिक्षेत्र को रात में सील कर दिया। सुबह क्षेत्र के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र खुदवाई तो उसमें रॉटविलर ब्रीड का कुत्ता निकला। इस दौरान वहां सैकड़ों तमाशबीन एकत्र हो गए थे।

 चूंकि घुप्प अंधेरे में नहीं दिखे चेहरे, इसलिए हुआ शक

 टीआई रांझी सहदेव राम साहू ने बताया कि रात करीब 11:45 बजे वेदांश कुमार ने बताया कि बंगाली दुर्गा स्टेज के पास अंधेरे में 3-4 युवकों ने कब्र खोदने के बाद किसी लाश को दफनाकर मिट्टी से ढंक दिया है। घुप्प अंधेरा होने के कारण युवकों के चेहरे दूर से दिखाई नहीं दिए। टार्च की रोशनी में कब्र खोदते और कब्र के अंदर लाश रखते देखा है। कब्र में दफन लाश को निकालने के लिए नियमानुसार तहसीलदार का मौके पर होना आवश्यक है। सुबह तहसीलदार की उपस्थिति में पुलिस ने कब्र खोदी तो उसमें से सफेद रंग बड़ा कुत्ता निकला, जिसका वजन 30 से 40 किलो के आसपास बताया गया और संभवत: वह ‘रॉटविलर’ प्रजाति का है। पुलिस कुत्ते की फोटो दिखाकर उसके पालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, जिसने आधी राते में ऐसा काम कर सनसनी फैलाई।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.