422.76 मीटर है पूर्ण जलस्तर, मात्र 0.51 मीटर नीचे है डेम की ऊंचाई से पानी
जबलपुर। कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश और पानी की आवक को देखते हुए बरगी डेम के दो और गेट खोल दिए गए हैं। जल स्तर में लगातार बढोत्तरी से नर्मदा तटों पर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर निचले इलाकों में मुनादी कराई है। दरअसल, बरगी डेम के 13 गेट पहले से खुले हुए थे जिसके बाद बुधवार की दोपहर में 2 गेट और खोले जाने से नर्मदा नदी उफना रही है। वहीं डेम से जल निकासी की मात्र बढ़कर 1 लाख 48 हजार क्यूसेक हो गई है।
हूटर बजा,एनाउंसमेंट जारी, तटों पर जाने से लोगों को रोका
जिला प्रशासन और बरगी बांध प्रबंधन द्वारा कल रात से ही तटीय इलाकों को अलर्ट किया जा रहा है। हूटर और एनाउंसमेंट कर लोगों से पानी में नहीं जाने और तटीय इलाकों से दूर रहने कहा जा रहा है। इसके चलते ग्वारीघाट, जिलहरीघाट, दरोगाघाट, तिलवाराघाट, भेड़ाघाट, लम्हेटाघाट आदि क्षेत्रों में एसडीएम-तहसीलदार, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को समझाईश देते घूम रहे हैं। रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना बरगी डेम के कार्यपालन यंत्री अजय सूरे के अनुसार बुधवार को सुबह 8 बजे बरगी बांध का जल स्तर 422.25 मीटर दर्ज किया गया था। यह इसके पूर्ण जलभराव स्तर से केवल 0.51 मीटर कम है । उन्होंने बताया कि डेम में जल की आवक ज्यादा होने से आज दोपहर 12 बजे डेम के 2 जलद्वार और खोले गए हैं। इस तरह पूर्व से खुले 13 जल द्वारों को मिलाकर इनकी संख्या 15 हो गई। सभी 15 जलद्वारों की औसत ऊंचाई 2.03 मीटर तक खोली गई है तथा इनसे 4202 क्यूमेक ( 1 लाख 48 हजार 393 क्यूसेक ) पानी छोड़ा जा रहा है। अभी बांध के 13 जलद्वारों से करीब 85 हजार क्यूसेक (घन फुट प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जा रहा था।
30 फीट तक बढ़ सकता है नर्मदा नदी पानी
कार्यपालन यंत्री बरगी डेम ने बताया कि पानी की निकासी की मात्र बढ़ाने से नर्मदा नदी के घाटों पर पानी का लेबल वर्तमान 16 फीट से बढ़ कर 28 से 30 फीट तक हो सकता है। उन्होंने डेम के निचले क्षेत्र में नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्र के रहवासियों से घाटों और डूब क्षेत्र से पर्याप्त दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है। खुले हुए 15 गेटों से बांध से 4202 घन मीटर प्रति सेकंड जल छोड़ा जा रहा है। इससे वर्तमान जलस्तर से नर्मदा नदी का जलस्तर 10-12 फीट और उठ गया है।