कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे का अल्टीमेटम, 48 घंटे बाद करेंगे आंदोलन
जबलपुर। केंट विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत वार्ड नं 70 में मानेगांव मोहनिया की शराब दुकान के विरोध में महिलाएं एवं बच्चियां सड़क पर उतरीं। बारिश के बावजूद आक्रोशित महिलाओं ने कहा गांधी चौक स्थित शराब दुकान के करीब ही बच्चों की स्कूल है और इससे खासी परेशानी है। वहीं उद्वेलित महिलाओं के समर्थन में पहुंचे केंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष व कांग्रेस नेता अभिषेक चौकसे चिंटू ने धरना स्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि यदि 48 घंटे के अंदर शराब दुकान गांधी चौक से न हटाई गई तो कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उग्र आंदोलन किया जाएगा। चिंटू चौकसे ने विधायक अशोक रोहाणी पर शराब ठेकेदार से सांठगांठ का आरोप भी लगाया।
महिलाएं व बच्चियां शराब दुकान से परेशान
मोहनिया में हाल में खुली शराब दुकान का विरोध करने क्षेत्रीय महिलाएं, पुरु ष एवं बच्चे बड़ी संख्या में धरना देकर नारेबाजी कर रहे थे। वहीं कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे ने कहा कि रांझी के मानेगांव मोहनिया में पहले भी एक शराब दुकान खुली है और ठेकेदार ने आबकारी विभाग व प्रशासन के संरक्षण में गांधी चौक पर दूसरी दुकान खोल दी। चूंकि शराब दुकान के समीप ही बच्चों का स्कूल है और शराब दुकान के कारण बच्यियां स्कूल आने जाने में असहज महसूस करती हैं इसलिए इस दुकान को तत्काल हटाया जाना चाहिए। धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही मौके पर रांझी पुलिस व तहसीलदार पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे ने विधायक अशोक रोहाणी पर शराब दुकान संचालक से पैसे लेकर संरक्षण देने का आरोप लगाया। अधिकारियों से चर्चा कर चिंटू चौकसे ने कहा कि यदि 48 घंटे के अंदर शराब दुकान न हटी तो मंगलवार को आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में उनके साथ बाबा कोल, निर्मल चंद जैन, लालजी जायसवाल, मोहन उइके, नरबद कोल, प्रतीक चौकसे, गोविंद चौधरी आदि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।