जबलपुर में निकायों के दूसरे चरण में रिकार्ड वोटिंग, कलेक्टर-एसपी पहुंचे मतदान केंद्र
July 13, 2022
0
शहपुरा, कटंगी, मझौली व पाटन में सुबह से लगी मतदाताओं की कतार
जबलपुर। जिले के नगरीय निकाय चुनावों के अंतिम चरण में बंपर वोटिंग की खबर है। पहले चरण में वोटिंग प्रतिशत में कमी के बाद सक्रिय हुए प्रशासन और राजनीतिक दलों की लामबंदी का नतीजा आज मतदान केंद्रों में लंबी-लंबी मतदाताओं की कतारों के रुप में देखा गया। शहपुरा, पाटन, कटंगी व मझौली नगर परिषद के मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतार सुबह से लग गई थी। सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान के पहले दो घंटे यानि 9 बजे तक 17.88 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले फिर हर घंटे ये रफ्तार बढ़ती गई। पूर्वान्ह 11 बजे तक वोटिंग का प्रतिशत 40.70 के आंकड़े तक जा पहुंचा। दोपहर तक करीब 60 फीसदी वोटिंग ने प्रशासन को भी चौंका दिया। सबसे अधिक वोटिंग कटंगी में दोपहर तक 61 फीसदी मतदान हो गया था, वहीं मझौली में 58 फीसदी वोटिंग हो गई थी।
क्रिटिकल बूथों पर कड़ी सुरक्षा, अफसरों ने किया निरीक्षण ......
क्रिटिकल बूथ में पुलिस का पहरा अन्य पोलिंग बूथ से अधिक सख्त रहा। नगर पंचायत शहपुरा, पाटन, कटंगी एवं मझौली की 71 पोलिंग बूथों की निगरानी के लिए 28 पेट्रोलिंग वाहन सतत राउंड पर रहे। पेट्रोलिंग वाहनों में निरीक्षक/उपनिरीक्षकों को तैनात किया। 15-15 मिनट में पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पोलिंग बूथ पर पहुंच रहा है। मॉनिटरिंग के लिए एएसपी शिवेश सिंह बघेल एवं एएसपी समर वर्मा सुबह से फील्ड पर रहे। मतदान दल एवं मतदाता को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी शहपुरा क्षेत्र की कई पोलिंग बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर ने उपस्थिति अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि मतदाता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होना चाहिए। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने शहपुरा क्षेत्र पहुंचे। उन्होने मतदान केंद्रों में तैनात सुरक्षा बल को ब्रीफ किया।
Tags