जुलाई माह में गुरुवार को मिले सबसे ज्यादा 13 नए पॉजिटिव
जबलपुर। मध्यप्रदेश में चुनावी हलचल के बीच कोरोना की चौथी लहर की दस्तक मानी जाने लगी है। इंदौर में 140 दिन बाद 77 नए पॉजिटिव केस मिले, वहीं जबलपुर में इस माह के बीते 7 दिन में गुरुवार को 13 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार यहां एक्टिव केसों का आंकड़ा 10 मरीजों को डिस्चार्ज करने के बाद भी सैकड़ा की ओर बढ़ते हुए 73 तक पहुंच गया है। जबकि सेम्पलिंग की संख्या पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। गुरुवार को 125 सेम्पल जांच के लिए आए थे, वहीं कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन की सेम्पलिंग शून्य बताई गई है। जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर, डिंडोरी, कटनी और बालाघाट में भी कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। दरअसल, प्रदेश में नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव की हलचल के बीच कोरोना के नए केस मिलने से चिंता जताई गई है, वहीं चुनावी माहौल में कोरोना प्रोटोकाल का कहीं भी पालन न करना आने वाले दिनों में मुसीबत बनने की संभावना जताई गई है।
