Type Here to Get Search Results !

डॉ जामदार की हार पर प्रभारी मंत्री के सामने बात निकली, अब दूर तलक जाएगी

संभागीय कार्यालय में गोपाल भार्गव ने जीत की बधाई दी, और पूछा हारे कैसे ? 

जबलपुर। मेयर पद के चुनाव में डॉ जितेंद्र जामदार की हार की बात प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव के सामने निकली, अब दूर तलक जाएगी। ये बात कोई जुमला नहीं बल्कि पार्टी के संभागीय कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रभारी मंत्री की बैठक के बाद ज्यादातर नेताओं की जुबान से निकले शब्द हैं। सूत्रों के मुताबिक खास बैठक में चुनाव जीते पार्षदों सहित डॉ जामदार भी मौजूद थे जिसमें प्रभारी मंत्री ने कहा कि चुनाव जीते उसकी बधाई, लेकिन मेयर चुनाव कैसे हारे? हालांकि उनके इस सवाल का सतही तौर पर कोई जवाब नहीं आया, लेकिन कहा जा रहा है कि गोपाल भार्गव ने अपनी रिपोर्ट तैयार करने के पहले कई बिंदुओं पर तथ्य संकलित किए। 

 नए पार्षदों से लिया परिचय, जीत की दी बधाई

 जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव आज सड़क मार्ग से जबलपुर आए और उन्होने रानीताल स्थित संभागीय कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की क्लास लगाई। चूंकि हर प्रभारी मंत्री को अपने प्रभार वाले जिले की चुनावी स्थिति का हाल जानकर रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को देना है, इस कारण उनकी बैठक महत्वपूर्ण मानी गई। संदर्भ नए पार्षदों से परिचय के साथ मेयर चुनाव में हुई पराजय के कारण जानना था। प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने चुनाव जीतने वाले नेताओं को जीत की बधाई दी। उन्होंने ये भी पूछा कि सबसे कम लीड और सबसे ज्यादा लीड वाले वार्ड और पार्षद कौन हैं। जिले के सभी नगरीय निकायों के चुनाव नतीजों की भी उन्होने जानकारी ली और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन हुआ और बड़ी जीत हासिल करने पर पदाधिकारियों को बधाई दी।

 मेयर की हार पर चिंतन, संगठन से मांगी रिपोर्ट

प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने जबलपुर नगर निगम में मेयर पद की हार पर गहन चिंतन और समीक्षा की जरूरत बताई। मेयर प्रत्याशी डॉ जितेन्द्र जामदार से उन्होंने काफी देर तक चर्चा की। उनके साथ ही सांसद राकेश सिंह, प्रदेश पदाधिकारी आशीष दुबे, अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी से भी चर्चा करने के साथ ही कहा कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय भेजी जाए ताकि पराजय की समीक्षा की जा सके। उन्होने कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र वाले वार्डो में पदाधिकारी व टिकट दिलाने वाले नेताओं की सक्रियता के संबंध में कुछ पदाधिकारियों से अलग से बात की। भार्गव ने कहा कि मेयर पद पर हार की जिम्मेदारी सामूहिक होनी चाहिए। हार के कारणों पर चर्चा ओर चिंतन हो, तथा कारणों के निदान की कार्ययोजना पर भी विचार होना चाहिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.