फरियादी को कोर्ट में दी धमकी, वकील से कहा-इसका केस मत लड़ो
जबलपुर। सट्टा फिर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार का सबसे पुराना सरगना और इंटरनेशनल सटोरिया सतीश सनपाल का कथित पार्टनर मुरली खत्री पर शिकंजा कसने गई ओमती पुलिस की घेराबंदी देख सटोरिया ने खुद को घर में कैद कर लिया और दरवाजे नहीं खोले। दरअसल, मुरली खत्री ने फरियादी मनिन्दर सिंह कंधारी को कोर्ट में धमकी दी थी कि केस वापस ले लो। मुरली खत्री अग्रिम जमानत के लिए पहुंचा था और वकील से भी कहा कि इसकी पैरवी मत करना। ओमती पुलिस ने कुख्यात सटोरिया मुरली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अग्रिम जमानत के लिए पहुंचा और धमकाया
पुलिस के मुताबिक सट्टा कारोबार में करोड़ों रुपए की कमाई करने वाले मुरली खत्री के सट्टेबाज पुत्र दिलीप खत्री, संजय खत्री और विवेक खत्री के विरुद्ध ओमती पुलिस ने पूर्व में 384,386,389,120 बी का प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण में फरार इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास पुलिस कर रही है। इधर प्रकरण में अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय पहुंचे मुरली खत्री ने कोर्ट नंबर 30 के बाहर फरियादी मनिन्दर सिंह कंधारी को केस वापस लेने के लिए धमकाते हुए जान से मारने की धमकी देकर उनके वकील को भी चेतावनी दी कि इनकी तरफ से पैरवी न करें और बेटों की अग्रिम जमानत पर आपत्ति नहीं लगाना। सटोरिया मुरली खत्री द्वारा दी गई धमकी की शिकायत मनिन्दर सिंह कंधारी ने ओमती थाना में दी। पुलिस ने आरोपी मुरलीधर खत्री के विरुद्ध 195ए, 294,506,34 का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू करते हुए दबिश दी। रेलवे से सेवानिवृत्त हुए साहू कॉलोनी महानद्दा निवासी मनिन्दर सिंह कंधारी ने ओमती पुलिस को बताया कि दिलीप खत्री, संजय खत्री विवेक खत्री के विरुद्ध अपराध दर्ज कराया गया था। उक्त अपराध पर अग्रिम जमानत लेने के लिए जिला न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। अग्रिम जमानत पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए मनिन्दर सिंह कंधारी अपने वकील निखिल तिवारी के साथ कोर्ट पहुंचे, तभी कोर्ट नंबर 30 के बाहर मुरलीधर खत्री अपने 3-4 साथियों के साथ मिला और मनिन्दर सिंह को गाली देते हुए केस वापस लेने की धमकी दी और कहा कि तुङो और तेरे बेटे जसलीन को जान से खत्म कर देंगे। पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस से कहा कि उसकी और उसके परिवार को जान का खतरा है। इधर एफआईआर दर्ज कर आरोपी मुरली को गिरफ्तार करने पुलिस घर पहुंची तो, अंदर से दरवाजा नहीं खोला, पुलिस बाहर इंतजार करती रही।
मुरली ने धमकी देकर चावला रेस्टारेंट की कराई थी रजिस्ट्री
24 मई 2022 को मनिन्दर सिंह कंधारी ने शिकायत की थी कि वह रेलवे से रिटायर्ड हैं। रसल चौक पर उसका वर्ष 2011 से मार्च 2020 तक चावला रेस्टोरेंट था, जो उसका बेटा जसलीन चलाता था। साल 2015 में जानकारी लगी कि उसके बेटे की दोस्ती आईपीएल सट्टा खिलाने वाले दिलीप खत्री, संजय खत्री, विवेक खत्री, हरीश उर्फ विक्की मनानी व अंकित पमनानी से है। सटोरिए 1 करोड़ के आसपास का कर्ज होना बताकर उसके बेटे को परेशान करने लगे। बेटे को मारने के लिए धमकाया और घर आकर बंदूक, पिस्टल दिखाकर पत्नी व बेटों को बंधक बनाकर रजिस्ट्री ऑफिस कलेक्ट्रेट भेजा। लगातार मिल रही धमिकयों के डर व परिवार के सदस्यों की जान बचाने की खातिर मार्च 2020 में चावला रेस्टोरेंट की रजिस्ट्री कर दी। क्रि केट सट्टे में हारी हुई रकम पर ब्याज वसूली, हारी हुई रकम वापस न करने पर डरा धमकाकर रेस्टोरेंट एवं मकान की रजिस्ट्री करवाने वाले फरार सटोरियों की गिरफ्तारी पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने इनाम घोषित किया है।