नगर सत्ता का संग्राम- 10 लाख 97 हजार 566 मतदाता करेंगे वोटिंग
जबलपुर। नगरीय निकाय चुनावों के लिए बुधवार को नगर-निगम जबलपुर सहित नगर पालिका सिहोरा, पनागर, नगर परिषद बरेला और भेड़ाघाट में मतदान के लिए आज सुबह से सामग्री वितरण किया जा रहा है। नगर-निगम के 79 वार्ड में मेयर और पार्षद पदों के लिए मतदान दलों को सामग्री प्रदान करने महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल परिसर में मेला लगा हुआ है। इसके अलावा अन्य निकायों में भी मुख्यालय से मतदान दलों को उनका साजो-सामान देकर मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया। दोपहर और शाम तक सभी मतदान केंद्रों तक मतदान दल पहुंच जाएंगे। यहां कल 6 जुलाई की सुबह 7 बजे से मतदान शुरु होगा।
कलेक्टर डॉ इलैयाराज टी व जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ट रहे मौजूद
आज सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ और उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया के साथ सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इधर कल मतदान के पहले आज बांटी जा रही सामग्री के चलते समूचे स्कूल परिसर में निर्वाचन मेला का माहौल बना रहा। गहमागहमी और एनाउंस की आवाज के बीच अधिकारी और कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी, ईवीएम मशीन सहित अन्य सामग्री कलेक्ट करने और अपनी बस का पता कर उससे रवाना होने हॉच-पॉच की स्थिति में हैं। 79 काउंटर से हो रहा वितरण, 260 बसें लगीं पहुंचाने में ....... नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक काउंटर और कुल 79 काउंटर बनाए गए हैं। मतदान सामग्री वितरण के लिए वार्डवार बनाए गए काउंटर के पीछे उस वार्ड के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्र की संख्या के अनुसार खंड बने हुए हैं। यहां मतदान सामग्री रखी जाएगी। सामग्री में हरी पत्र मुद्रा, स्ट्रिप सील, एड्रेस टैग, स्पेशल टैग, निविदत्त मत, अमिट स्याही एवं पीतल की सील तथा उस मतदान केंद्र को आवंटित ईवीएम मशीनें शामिल हैं। पोलिंग पार्टी को पहुंचाने के लिए 260 बसों का इंतजाम किया गया। नगर-निगम जबलपुर सहित सिहोरा, पनागर, बरेला, कटंगी, मझौली, भेड़ाघाट, पाटन, शहपुरा में 10 लाख 97 हजार 566 मतदाता कल मताधिकार का प्रयोग करेंगे।