गढ़ाफाटक में देर रात वारदात,लार्डगंज पुलिस की छापामारी
जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के गढ़ाफाटक में बिजली कटौती ने एक युवक की हत्या करा दी। दरअसल, शुक्रवार की रात बिजली गुल हो गई थी और शैलेंद्र रैकवार उर्फ गोलू घर के बाहर टहल रहा था तभी उसके दोस्त अमन साहू ने उसे बुलाया और चोरी-छिपे मां से बात करने पर उलझ गया। इस विवाद में अमन व उसके साथी ने चाकू मारकर गोलू की हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने आरोपियों के नाम बताए। अमन व उसके साथी को गिरफ्तार करने पुलिस की 2 टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का कहना- गोलू को फोन कर बुलाया गया था
लार्डगंज टीआई मधुर पटैरिया ने बताया कि आगा चौक के पास रहने वाला शैलेंद्र रैकवार का 2 युवकों से विवाद हो गया। झगड़े में आरोपियों ने शैलेंद्र के सीने एवं पेट पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव के लिए आवाज लगाने पर हमलावर मौके से भाग निकले। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मेडिकल भेजा गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने से पहले ही शैलेंद्र रैकवार की सांसें थम गईं। इघर मृतक शैलेंद्र के छोटे भाई ने बताया कि रात में बड़े भाई गोलू के मोबाइल पर कॉल आया, जिसके बाद वह शंकर घी भंडार के पास जाने के लिए घर से निकले। छोटे भाई का कहना है कि दुर्गा चौक के पास रहने वाले अमन साहू और उसके दोस्त ने मिलकर हत्या की है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शैलेंद्र रैकवार की लाश घर पहुंची, तो सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। शैलेंद्र के दोस्तों का कहना था कि उसका ऐसा किसी से कोई विवाद नहीं था, जिसके लिए हत्या करना पड़े। शैलेंद्र सबके सुख-दुख में हमेशा शामिल रहता था। जबकि पुलिस को पता चला है कि शैलेंद्र चोरी-छिपे अमन की मां से बात करता था और यह उसे पसंद नहीं था। उसने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर शैलेंद्र उर्फ गोलू को बुलाया और चाकू से हमला कर दिया।
मृतक की 6 साल की एक बेटी, पत्नी है गर्भवती
मृतक शैलेंद्र रैकवार की 6 साल की एक बेटी है। पिता की लाश घर पहुंची तो वह अपने पापा से जाकर लिपट गई। मम्मी सहित घर के अन्य सदस्यों को रोता देख वह भी रोने लगती, फिर उसे कोई शब्दों में बहला देता तो चुप हो जाती। मृतक शैलेंद्र की पत्नी गर्भवती है, रोते-रोते वह कई बार बेहोश हो गई।