Type Here to Get Search Results !

चाकू के ताबड़तोड़ वार कर गोरखपुर में युवक की हत्या

दोनो निगरानीशुदा बदमाश, पुराने विवाद का लिया बदला

 जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में शारदा टॉकीज के पास पुराने विवाद को लेकर निगरानीशुदा भाईयों ने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से दनादन कई वार करते हुए लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुई वारदात के बाद गोरखपुर पुलिस ने धारा 307 का प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस धारा 302 बढ़ाएगी। पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोरखपुर पुलिस को शेख मुबीन उम्र 40 वर्ष निवासी बेहना मोहल्ला ने वारदात के संबंध में बताया कि वह गाड़ी धुलाई का काम करता है। शुक्रवार शाम लगभग 4: 45 बजे अपने भांजे असरफ के साथ चाय पीने अप्पू चाय वाले की दुकान पर आया था, तभी पीछे से आवाज आई कि अकील भाई को कुछ लोग चाकू से मार रहे हैं। मौके पर दौड़कर पहुंचे तो देखा कि सुनील अहिरवार, अनिल अहिरवार, बब्बू नाई का भतीजा गुल्ली और रावण बेहना मोहल्ला निवासी शेख अकील पर चाकू से सीना, पेट एवं शरीर के अन्य हिस्से में हमला कर रहे थे। आरोपियों के भाग जाने के बाद पुलिस को सूचना देते हुए घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था, जिसकी आज सुबह 8 बजे मौत हो गई।

 पुलिस रिकार्ड में 2 आरोपी पुराने बदमाश

एएसपी संजय अग्रवाल ने बताया कि हत्याकांड में शामिल 2 सगे भाई अनिल अहिरवार और सुनील अहिरवार के विरूद्ध थाना गोरखपुर में धमकी देना, आर्म्स एक्ट के 2 प्रकरण, मारपीट एवं जुआ के प्रकरण पंजीबद्ध हैं। अनिल अहिरवार साल 2018 से विवादों में रहा है। इधर मृतक शेख अकील के संबंध में क्षेत्र में चर्चा है कि वह भी जुआ खेलता था। हत्या के पीछे जुए की रकम का लेनदेन होने की बात सामने आई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.