संगठन ने पहले रिपोर्ट में ध्यान नहीं दिया, फिर जारी की सूची
जबलपुर। भाजपा ने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में डटे नेताओं को मतदान के एक दिन पहले पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। बागियों पर सख्ती का यह दूसरा मामला संगठन की चूक के कारण सामने आया। बताया जाता है कि इससे पहले जब भाजपा ने 15 नेताओं को पार्टी से निकाला तब सभी 79 वार्डो में बागियों की सूची में इन चार नेताओं का नाम भुला दिया गया था। एक महिला प्रत्याशी ने जब भाजपा की जीत का गणित बिगाड़ा तब अधिकृत प्रत्याशी की शिकायत पर पार्टी ने अनुशासन का चाबुक चलाया। अधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा संगठन ने दीनदयाल वार्ड से चुनाव लड़ रहे पूर्व पार्षद बेड़ी पटेल, राजकुमारी बाई पटेल, भाजपा की सक्रिय नेता अनीता मिश्र और बूथ अध्यक्ष अनिल पटेल राजा को पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर नगर निगम चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने को अनुशासनहीनता मानते हुए ये कार्रवाई की है। दीनदयाल वार्ड से भाजपा टिकट की प्रबल दावेदार रहीं अनीता मिश्र को वार्ड के भाजपा कार्यकर्ताओं सहित वार्ड की जनता का समर्थन मिल रहा है। अनुशासनात्मक कार्रवाई देर से होने के कारण पार्टी में यह चर्चा का विषय बना है।
