प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने किया मीडिया सेंटर का शुभारंभ
जबलपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आज यहां दावा किया कि प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव में भाजपा विजय का इतिहास बनाएगी। इसका कारण सक्षम नेतृत्व, कुशल संगठन तंत्र, कार्यकर्ताओं का कठिन परिश्रम और जनता का हमारे प्रति विश्वास है। कांग्रेस को अप्रासंगिक बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस का काम केवल झूठ बोलना और छल-कपट की राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता-प्रतिष्ठा के लिए राजनीति नहीं करते। हमारा नेतृत्व सामाजिक परिवर्तन के लिए भी काम करता है। वीडी शर्मा यहां मीडिया सेंटर के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
अब सौ बेटों पर 970 बेटियां, कुशल नेतृत्व की देन
वीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पहले 1000 बेटों पर मात्र 912 बेटियां थीं। हमारे काम, हमारे कुशल नेतृत्व के चलते ये संख्या बढ़ रही है। अब 1000 बेटों पर 970 बेटियां हैं। भाजपा की सरकारों के कुशल अभियान, उस प्रकार की योजनाओं के परिणाम और बदले समाज के कारण ऐसा सामाजिक परिवर्तन आता है। हमने राजनीति के साथ सामाजिक परिवर्तन की भूमिका भी निभाई है, और यही हमारी ताकत है।
प्रहरी है भाजपा का कार्यकर्ता,कांग्रेस ने किया बंटाढार
वीडी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो काम किये, उस पर कमलनाथ सरकार ने न सिर्फ पानी फेरा, बल्कि विकास की गति भी रोक दी। लाड़ली लक्ष्मी के अधिकार छीन लिए। हमें दुबारा अवसर मिला। आज प्रदेश में क्या नहीं हो रहा है। हाइवे निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य रोजगार हर दिशा में काम हो रहा है। लोग कह रहे हैं कि एमपी में विकास के मायने बदल गए हैं। और, ये भाजपा की सरकार की देन है। वीडी शर्मा ने कहा कि हर बूथ पर हमारा कार्यकर्ता प्रहरी के रूप में खड़ा है। प्रत्येक बूथ जीतने का बूथ विजय संकल्प लेकर झंडा लिए खड़ा है। हर बूथ पर मतदान का अधिकतक परसेंट कैसे आये। इसके लिए परिश्रम कर रहा है। इसके विपरीत कांग्रेस ने जमीन क्या है गरीबी क्या है ये देखा ही नहीं है। झूठ छल-कपट की राजनीतिक करने का अंग्रेजों का जीन अब भी उसमें है। जब तक टोटल समाप्त नहीं होगी, तब तक ये जीन समाप्त नहीं होगा। वीडी ने कहा कि जबलपुर का नाम देश के विकसित शहरों में शामिल होगा।