भागते हुए लोकेशन ट्रेस, 4 थानों की फोर्स का घेरा नहीं तोड़ पाए
जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में सरेराह और दिनदहाड़े हुई 24 लाख रुपए की लूट करने वाले बदमाशों को चंद घंटों में दबोचने की पुलिस की प्लानिंग सफल रही। वारदात के तत्काल बाद फील्ड पर उतरे एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने न केवल संभावित रास्तों पर नाकाबंदी की बल्कि तकनीकि दृष्टि से लुटेरों तक पहुंचने के लिए फोर्स को अलर्ट कर आरोपियों को दबोच लिया।
लोकेशन ट्रेस होते ही पुलिस टीम को मिला सुराग
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर तत्काल बेरिकेड लगाकर वाहनों की चैकिंग करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपियों का भागते हुए रूट देखने और मोबाइल टॉवर की लोकेशन ट्रेस कर पल-पल की अपडेट के कारण पुलिस जल्द ही लुटेरों तक पहुंच गई। पुलिस ने पनागर स्थित मंदिर के पास लुटेरों को कुछ ही देर में घेर लिया। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के साथ एएसपी गोपाल खांडेल, एएसपी संजय अग्रवाल, सीएसपी अखिलेश गौर एवं थाना प्रभारी गोहलपुर विजय तिवारी ने पीड़ित से मौके पर पूछताछ करते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरी फिल्डिंग जमा दी। लुटेरों को पकड़ने में पनागर पुलिस के साथ हनुमानताल, सिविल लाइन, बेलबाग, अधारताल एवं क्राइम ब्रांच एवं साइबर सेल की भूमिका अहम रही। पुलिस ने मोपेड सवार नकाबपोश लुटेरे कमलेश झारिया, अंशु चौधरी सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की कुछ रकम व मोपेड जब्त की है। शेष रूपए की जब्ती के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
दिल्ली माल लेने जा रहा था व्यापारी
टीआई गोहलपुर विजय तिवारी ने बताया कि राजकुमार तिवारी निवासी काली मंदिर के पास मदनमहल मोबाइल एसेसरीज के कारोबारी हैं। वे दिल्ली से सामान जबलपुर की मोबाइल दुकानों में आर्डर पर डिस्ट्रीब्यूट करते हैं। शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे जयंती काम्पलैक्स स्थित मोबाइल दुकानदारों से 24 लाख 20 हजार रूपए लेकर माल खरीदने दिल्ली जाने के लिए निकला था। राजकुमार ने रकम बैग में रखकर अपनी बाइक क्रमांक एमपी 20 एमडी 3578 मे सामने हैंडल पर रखकर बाइक चलाते हुए मालवीय चौक, फुहारा, कमानिया, मिलौनीगंज गोहलपुर होते हुए अमखेरा रोड पर अपनी मुंह बोली बहन के घर जा रहा था। शाम लगभग 4 बजे जैसे ही अमखेरा रोड पर भारत सिंह यादव के घर के सामने पहुंचा तभी एक ब्लू कलर की बिना नम्बर की एक्सिस जिसमें 2 लड़के सवार होकर आए और रूपयों से भरा बैग लेकर भाग गए थे। लूट की वारदात की सूचना मिलते ही तत्काल शहर एवं देहात में नाकेबंदी कर सरहदी जिले कटनी, दमोह, नरिसंहपुर, सिवनी, मंडला, उमरिया, डिंडोरी के कन्ट्रोलरूम को वारदात की सूचना देते हुए नाकाबंदी कराई गई थी, जिसमें पुलिस को सफलता मिली।