Type Here to Get Search Results !

घर से स्कूल गए पांचवीं कक्षा के दो छात्र रहस्यमय ढंग से लापता

माढ़ोताल पुलिस ने दर्ज किया अपरहरण का मामला

 जबलपुर। घर से स्कूल गए पांचवीं कक्षा के दो छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। बच्चे रोज की तरह घर से नजदीकी शासकीय स्कूल पढ़ाई करने गए थे और देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचे। दोनों दोस्तों के लापता हो जाने के बाद उनके परिजनों ने कई स्थानों में खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। माढ़ोताल थाना पहुंचे परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 363 का प्रकरण दर्ज करते हुए बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी है। रात में पुलिस की 2 टीमें बस स्टेण्ड-रेलवे स्टेशन से लेकर पुरानी बस्ती में तलाशी अभियान चलाती रहीं, लेकिन बच्चे नहीं मिले। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

 माढ़ोताल टीआई रीना पांडे शर्मा ने बताया कि पुरानी बस्ती निवासी दीपा अहिरवार का 14 साल का बेटा सुबह करीब 10 बजे पुरानी बस्ती स्थित शासकीय स्कूल गया था। शाम 4 बजे तक बेटे के वापस न आने पर खोजबीन की गई, लेकिन वह नहीं मिला। इसी तरह पुरानी बस्ती निवास बबीता महदेले का 11 साल का बेटा भी स्कूल गया था, वह भी गायब है। दोनों बच्चे एक ही स्कूल में पढ़ते हैं और दोस्त भी हैं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस लगातार दोनों गायब छात्रों को तलाश करने में जुटी हुई है। इधर परिजन लापता बच्चों के दोस्त सहित अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर पूछताछ कर रहे हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.