मुम्बई-हावड़ा मेल, संघमित्र, पटना-पुणो व एलटीटी-पटना में सफर आसान
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों को जनरल टिकट लेकर सफर करने की सुविधा देने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन 27 से 30 जून के बीच सभी ट्रेनों में जनरल टिकट की सुविधा शुरू करने जा रहा है। अभी रेलवे ने यह सुविधा कुछ ट्रेनों में ही दी थी, लेकिन 27 जून से न सिर्फ कम दूरी, बल्कि लंबी दूरी के जनरल कोच में भी जनरल टिकट लेकर सफर करने की सुविधा शुरू हो जाएगी। रेलवे ने पहले ही जनरल कोच में आरक्षण लेकर सफर करने की सुविधा बंद कर दी है, लेकिन ट्रेन में चार माह का आरक्षण होता है, इस वजह से कई ट्रेनों में पहले से यात्रियों ने आरक्षण ले रखा था, जो 27 जून से खत्म हो रहा है। इसके बाद सभी ट्रेनों में जनरल टिकट लेकर सफर किया जा सकता है।
यात्रियों को जनरल टिकट काउंटर पर रहेगी उपलब्ध
अधिकारिक जानकारी के मुताबिक जबलपुर रेल मंडल से रवाना होने वाली सभी 30 ट्रेनों में जनरल टिकट की सुविधा दी गई थी, लेकिन जबलपुर या मंडल की सीमा से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों में यह सुविधा नहीं थी, जिससे न सिर्फ जनरल टिकट लेकर सफर करने वाले परेशान थे, बल्कि नियमित सफर करने वालों को भी परेशानी हो रही थी। यात्रियों को काउंटर से भी अब सभी ट्रेनों की जनरल टिकट मिलेगी। अभी तक यात्रियों को यह शिकायत थी कि ट्रेन आने से कुछ घंटे पहले जनरल टिकट काउंटर बंद कर दिए जाते हैं। ताकि जिन ट्रेनों में जनरल टिकट की सुविधा नहीं है, उनमें यात्री अनावश्यक न सवार हों,अब यात्रियों को इससे भी राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार मुम्बई-हावड़ा मेल, एलटीटी-पटना, पटना-पुणो और संघमित्र एक्सप्रेस में जनरल टिकट मिलेगी।