Type Here to Get Search Results !

कमलनाथ का शिवराज पर तंज, बोले- विकास विजन से होता है टेलिविजन से नहीं

प्रबुद्धजनों की सलाह पर कांग्रेस करेगी शहरों का विकास 

जबलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस फिर सत्ता में आती है तो नगरों के विकास के लिए एक एडवाइजरी काउंसिल का गठन करेगी। इस काउंसिल में समाज के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्ग जैसे डॉक्टर,वकील, इंजीनियर,पत्रकार व गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। इनके सुझाव के आधार पर ही नगरों के विकास की योजना बनाई जाएगी। उन्होने रोड शो के पहले पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधि कैसे बढ़ाई जाए इसके लिए यहां निवेश कैसे बढ़ाया जाए यह चिंता का विषय है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलते हैं, विकास विजन से होता है टेलिविजन से नहीं। उन्होने कहा कि जबलपुर का भविष्य जबलपुर की जनता तय करेगी। इसलिए हम जबलपुर विकास का नया नक्शा बनाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और भाजपा की रीति-नीतियों की आलोचना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिर्फ घोषणा करना जानते हैं और घोषणाओं का क्या हाल है यह किसी से नहीं छिपा, यदि मुख्यमंत्री चाहें तो सार्वजनिक रूप से मंच साझा कर अपने 18 साल और कांग्रेस के 15 महीने की सरकार का हिसाब-किताब जनता के सामने रख दें इसके लिए मैं हमेशा तैयार हूं। जबलपुर हमारी संस्कृति का एक प्रतीक है। यहां प्रत्येक धर्म के नागरिक मिल-जुल कर निवास करते हैं।

 नगरीय निकायों में कांग्रेस को बड़ी सफलता का दावा

. जबलपुर से मेयर पद के प्रत्याशी जगतबहादुर सिंह अन्नू सहित सभी 79 वार्ड में कांग्रेसी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आव्हान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी नगरीय निकायों में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिल रही है। इसलिए कार्यकर्ता अपने पूरे जोश-खरोश से जुटे रहें और विपक्षियों की किसी साजिश को सफल नहीं होने दें।

 मैने जबलपुर को क्या दिया कभी नहीं गिनाता

 कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर को मैंने क्या दिया है यह जबलपुर की जनता जानती है मुङो बताने की आवश्यकता नहीं है और मैं कभी यह गिनाता भी नहीं हूं ,लेकिन चूंकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अक्सर अपनी उपलब्धियां गिनाते रहते हैं इसलिए यह जरूरी है कि एक बार आमने-सामने जनता के लिए हिसाब-किताब पेश किया जाए। पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, तरुण भनोत, विधायक विनय सक्सेना सहित तमाम कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। इसके बाद कमलनाथ ने शहर में रोड शो कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा। पार्षद प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने जगह-जगह कमलनाथ का स्वागत किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.