कई जिलों से कमजोर स्थिति के मिले फीडबैक पर सीएम व वीडी शर्मा की हिदायत
भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव में कई जिलों में भाजपा के प्रत्याशियों की स्थिति कमजोर होने संबंधी फीडबैक मिलने के बाद मुख्यमंत्री सहित भाजपा संगठन ने चुनाव अभियान में कसावट लाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक सांसदों व विधायकों से दो टूक कहा गया है कि नगरीय निकाय चुनाव आपका भविष्य तय करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां निकायों के दौरे बढ़ा दिए हैं वहीं संगठन स्तर पर भी पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों को एक्टिव होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी के विधायकों और सांसदों से साफ तौर पर कहा कि इन चुनावों को हल्के में न लें और ये न समङों कि यह पार्षद या महापौर का चुनाव है। इन चुनावों में होने वाली जीत हार आपका भविष्य भी तय करेगी। इसलिए घर-घर जनसंपर्क करने जाएं और पार्टी प्रत्याशियों के लिए जुट जाएं।
इसका-उसका प्रत्याशी की भावना से दूर रहकर जुट जाएं
प्रदेश संगठन द्वारा विधायकों और सांसदों से यह संवाद वचरुअल बैठक के जरिये किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में जब पार्टी का कैंडिडेट जीतेगा तो वार्ड और शहर में होने वाले आयोजनों में विधायकों और सांसदों की पूछपरख रहेगी। इसलिए सभी घरों से निकलें और इसका-उसका कैंडिडेट की भावना से दूर रहकर पार्टी हित के लिए काम करें। आपकी सक्रियता से कार्यकर्ताओं में भी जोश आएगा। केंद्र व राज्य सरकार के काम विधायक सांसद जनता को बताएं और उनकी जो शिकायतें हैं, उन्हें सुनकर निराकरण करें। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए यह चुनाव आपकी राजनीतिक ताकत का भी अहसास कराएंगे। आज आप जिन पार्षद या महापौर प्रत्याशियों के लिए चुनाव मैदान में खड़े होंगे, अगले साल होने वाले चुनाव में यही कैंडिडेट आपकी ताकत बनेंगे।
