भाई बैठा इंतजार करता रहा, दूसरे लड़के के साथ कॉलेज से निकली थी
जबलपुर। परीक्षा देने कॉलेज गई छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने और बाद में उसकी लाश मिलने के संदिग्ध मामले ने पुलिस को हलाकान कर दिया। बताया जाता है कि 20 वर्षीय सृष्टि सेन बाइक पर मौसेरे भाई के साथ श्याम सुंदर कॉलेज खितौला में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने गई थी। पेपर छूटने के बाद छात्र का भाई साहिल कॉलेज परिसर के अंदर और आसपास अपनी बहन को खोजता रहा, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। बहन के मोबाइल पर संपर्क किया तो वह स्विच ऑफ था। 2 घंटे की तलाश के बाद भाई घर पहुंचा और उसने परिजनों को पूरी दास्तान बताई। बेटी के अचानक गायब होने से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया, इसी बीच गांव के रहने वाले लड़के ने बेटी के पिता के मोबाइल पर कॉल कर बताया कि आपकी बेटी मेरे साथ कॉलेज से घर आ रही थी, रास्ते में सड़क हादसा हो गया है और वह बघराजी के शासकीय अस्पताल में है। पिता के साथ अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे, तो देखा कि बेटी की लाश अस्पताल की बेंच पर पड़ी थी। सूचना मिलने पर पहुंची बघराजी पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम करते हुए पड़ताल शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच के बाद डायरी अग्रिम जांच के लिए मझगवां थाना भेजी जाएगी।
कॉलेज के बाहर भाई इंतजार करता रहा सृष्टि नहीं आई
रवींद्र कुमार सेन निवासी ग्राम बरगवां ने बघराजी पुलिस को बताया कि उसकी बेटी सृष्टि मंगलवार दोपहर 1:30 बजे अपने मौसेरे भाई साहिल सेन के साथ परीक्षा देने एसएस कॉलेज खितौला गई थी। शाम करीब 6:45 बजे साहिल अकेला घर वापस आया और उसने बताया कि परीक्षा सामाप्त होने के बाद वह सृष्टि के इंतजार में कॉलेज के बाहर ही बैठा था। सभी परीक्षार्थियों के बाहर निकलने के बाद भी सृष्टि उसे दिखाई नहीं दी। कॉलेज के अंदर जाकर देखा तो सृष्टि वहां नहीं थी और उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। आसपास पूछताछ करने के बाद साहिल अपनी बहन सृष्टि को तलाशते हुए वापस घर बरगवां आ गया।
अभिषेक को खरोंच भी नहीं, शाम 6:50 बजे किया कॉल
साहिल के घर लौटने के बाद परिजन सृष्टि की खोजबीन में जुटे थे, कि इसी बीच 6:50 बजे बरगवां गांव के ही रहने वाले अभिषेक काछी ने सृष्टि के पिता रवींद्र सेन को कॉल कर बताया कि मढ़ाबंजर के पास हमारा एक्सीटेंड हो गया है, सृष्टि मेरे साथ बाइक में थी। आप लोग बघराजी अस्पताल आ जाइए। इसी बीच दूसरी बाइक से परीक्षा देने गई रूबी और अंकित भी सृष्टि के घर पहुंचे और उन्होंने एक्सीटेंड होने की जानकारी दी। सृष्टि के पिता रवींद्र सेन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि घायल की मौत चुकी है। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है क्योंकि अभिषेक को खरोंच भी नहीं आई और सृष्टि की मौत हो गई। वहीं मोबाइल की बैटरी चार्ज थी फिर भी मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अभिषेक ने बयान में कहा कि बाइक पर पाइप ले जा रहे दो लोगों के कारण एक्सीडेंट हुआ। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
