भोपाल में 9 जून को तय होगा मेयर पद का प्रत्याशी
जबलपुर। नगरीय निकाय चुनाव के ऐलान के बाद प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा की गुपचुप तैयारी है तो वहीं कांग्रेस ने पार्षद पद के दावेदारों से बायोडाटा एकत्र कर हलचल बढ़ा दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मेयर व पार्षद पद के प्रत्याशियों पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में 9 जून को होने वाली बैठक में मुहर लग जाएगी, लेकिन स्थानीय स्तर पर वार्डो के सिंगल नाम या तीन नामों के पैनल तैयार कर 7 जून तक भोपाल भेज दिए जाएंगे। नगर पालिका व नगर परिषदों में पार्षद पद के लिए ऐसे नाम भी तय किए जाएंगे जिन्हें अध्यक्ष का चुनाव लड़ाया जा सके, इसके लिए जिला व शहर इकाई को समन्वय बनाकर पैनल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
समन्वय समिति की सिफारिश पर मेयर पद के लिए मंथन ............
पार्टी सूत्रों ने बताया कि नगर निगम मेयर पद के लिए पीसीसी में 9 जून को नाम तय हो जाएंगे। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने चुनिंदा नेता व पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है जिसमें समन्वय समितियों की सिफारिश के आधार पर प्रत्याशी चयन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इस हाई लेवल बैठक में कमलनाथ के साथ दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, अजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव शामिल होंगे। 16 में से कुछ नगर निगमों में स्थानीय वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी कर मेयर के प्रत्याशी तय कर दिए जाएंगे। 11 जून से नगरीय निकायों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी, इससे पहले सूची फायनल कर दी जाएगी।
संभावित नामों पर जिलों की सूची को मिलेगा महत्व
कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने इस बार तय किया है कि जिला स्तर पर बनाई गई समन्वय समिति द्वारा भेजी गई सूची को ही महत्व दिया जाएगा। समिति में जिला-शहर अध्यक्ष के अलावा सांसद-विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, सांसद-विधायक का पिछला चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी, राष्ट्रीय-प्रदेश पदाधिकारी आदि शामिल किए गए हैं। ये सभी जिला व संभाग के लिए नियुक्त प्रभारी के साथ बैठकर नगर निगम,नगर पालिका, नगर परिषद के पार्षद पद के दावेदारों के नाम पर मंथन करेंगे और फायनल लिस्ट पीसीसी को भेजेंगे। नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगतबहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि प्रभारी एनपी प्रजापति व हिना कावरे के साथ संगठन की एक बैठक हो चुकी है और पार्षद पद के दावेदारों द्वारा विधायक और संगठन को दिए गए बायोडाटा पर चर्चा कर संभावित नामों पर चर्चा कर प्रभारी के माध्यम से भोपाल सूची भेजी जाएगी। एक वार्ड से अधिक दावेदार होने के बारे में अन्नू का कहना था कि पार्टी में उत्साह है और दावेदार स्वयं शपथपत्र दे रहे हैं कि वे टिकट न मिलने पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को जिताने निष्ठा से काम करेंगे। उन्होने बताया कि सभी दावेदारों के नाम पर चर्चा कर जहां सहमति से सिंगल नाम तय होगा उसे भेजा जाएगा और जहां जीतने योग्य ज्यादा नाम होंगे उनके पैनल बनाकर पीसीसी को भेज दिए जाएंगे। नगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने उत्साहित हैं।
अजा के पूर्व पार्षद तेज कुमार ने सामान्य वर्ग के लिए छोड़ी दावेदारी
शहर के हर सामान्य वार्ड में ऐसी स्थिति ही है। सामान्य वर्ग के दावेदार उम्मीद कर रहे हैं, कि अन्य वर्ग के दावेदार सामान्य वर्ग का सम्मान करते हुए अपनी दावेदारी छोड़ देंगे, लेकिन ऐसा कहीं नहीं दिख रहा है। पूर्व विधानसभा के युवा कर्मठ नेता तेज कुमार भगत ऐसे माहौल में आगे आए हैं, और उन्होंने आरक्षण व्यवस्था पर करारा तमाचा जड़ते हुए अपनी दावेदारी सामान्य के लिए वापस ली है। अनुसूचित जाति के पार्षद रहे तेज कुमार ने कहा कि वर्षो बाद वार्ड-50 अनारक्षित हुआ है इसलिए वे सामान्य वर्ग का हक नहीं मारना चाहते। उनके कदम की सराहना हो रही है। लोग उदाहरण दे रहे हैं कि तेज जैसा दिल अन्य लोग भी दखें। तेज कुमार भगत ने विधायक लखन घनघोरिया को अपनी भावना से अवगत करा दिया है।
