नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन के बाद डेमेज कंट्रोल का प्रयास शुरू
जबलपुर। नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन का दौर खत्म होने के साथ ही नाम वापसी के पहले बगावत थामने कांग्रेस और भाजपा में डेमेज कंट्रोल के लिए वरिष्ठ नेता जुट गए हैं। भाजपा में जहां पार्टी टिकट को लेकर असंतोष है तो वहीं कांग्रेस में नाराज नेताओं ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी पदाधिकारियों-जिला प्रभारियों से कहा है कि वे नाराज नेताओं-कार्यकर्ताओं के घर जाकर मनाएं और आश्वत करें कि उन्हें भविष्य में पार्टी महत्व देगी और राज्य में सरकार बनने पर उपकृत किया जाएगा। भाजपा सूत्रों ने बताया कि एक वरिष्ठ नेता को रूठों को मनाने की जिम्मेदारी पार्टी आलाकमान ने दी है और वे निकाय चुनाव में जीत के लिए आवश्यक माने जाने वाले नेताओं को जोड़ने के काम में जुट गए हैं।
कमलनाथ का संदेश, मैं आपके साथ हूं आप साथ दें
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने जिला प्रभारियों से कहा है कि टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ता न मानें तो विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपे। उन्होने नाराज कार्यकताओं को मनाने सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में कहा है कि दावेदार कई होते हैं, लेकिन टिकट एक को मिलता है। जिन्हें टिकट नहीं मिला है वे निराश न हो, मैं आपके साथ हूं। आपकी आवाज बनकर आपके लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा, अभी आप साथ दें। उन्होने कहा निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिलने वाली है इसलिए पार्टी को मजबूत बनाने में कार्यकर्ता जुटे रहें। मेरे साथ कदम से कदम मिलाकर चलें।
