जमतरा कैम्प से आउट पास पर गया था 30 वर्षीय विकास गुजर्र
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के जवान विकास गुजर्र की लाश तिलवारा पुल के समीप नर्मदा नदी में उतराती मिली। आईटीबीपी का जवान जमतरा कैंप से अन्य जवानों के साथ आउट पास पर नर्मदा नदी किनारे घूमने गया था और उसके नदी में बह जाने की सूचना मिलने पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर थाना ग्वारीघाट, तिलवारा, भेड़ाघाट, शहपुरा, बेलखेड़ा पुलिस को अलर्ट करते हुए तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस के साथ होमगार्ड की रेस्क्यू टीम लापता जवान की तलाश में जुटी हुई थी। नदी में लाश मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की पड़ताल शुरु कर दी है।
जवान के नदी में डूबने पर सभी को आश्चर्य
आईटीबीपी जमतरा कैंप 29 बटालियन में पदस्थ 30 वर्षीय विकास गुजर्र पिता अमरपाल सिंह 5 जून की दोपहर करीब 2 बजे कैंप के साथी जवानों के साथ जमतरा नदी किनारे घूमने गया था। विकास के साथी जवान वापस कैंप लौट गए और उन्होंने बटालियन के किसी भी अधिकारी से विकास गुजर्र के मिसिंग होने की बात नहीं बताई। 6 जून की शाम कैंप में विकास गुजर्र की पूछ-परख हुई तो साथी जवानों ने बताया कि एक दिन पहले विकास गुजर्र नर्मदा नदी में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। आईटीबीपी के अधिकारी द्वारा सोमवार शाम गौर पुलिस चौकी में मामले की सूचना दी गई। जवान के पानी में डूबने पर सभी को आश्चर्य है और पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
5 किलोमीटर दूर मिली विकास गुजर्र की लाश
लापता जवान की तलाश के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे तिलवारा पुल के पास नर्मदा नदी में जवान का शव बहता हुआ मिला। जमतरा से तिलवारा पुल की दूरी करीब 5 किलोमीटर बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में जवान के शरीर में गहरा कोई चोट का निशान नहीं दिख रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस जल्द ही विकास गुजर्र के साथ नदी किनारे घूमने गए जवानों के बयान दर्ज करेगी।