पंचायत चुनाव : जबलपुर, सिहोरा, पनागर व कुंडम जनपद में भारी वोटिंग
जबलपुर। मनपंसद पंच-सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य को चुनने के लिए जिले में पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे से जबलपुर जनपद, पनागर, कुंडम और सिहोरा में मतदान शुरू हुआ। गांव की सरकार चुनने महिला मतदाताओं का उत्साह इस हद तक रहा कि बूथ पर लगी लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार करते जमीन पर बैठ गईं, लेकिन वोट डालकर ही वापस लौटीं। सभी मतदान केंद्रों पर लंबी कतार लगी रहीं। कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी व एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने ग्रामीण क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाएं संभाली। करीब 7 साल के अंतराल के बाद पंचायत चुनाव हो रहे हैं। जिले के 7 ब्लॉक में से 4 ब्लॉक बरगी, पनागर, कुंडम और सिहोरा में पंचायत चुनाव का मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण के इस मतदान में पंच और सरपंच के अलावा 84 जनपद सदस्य और 10 जिला पंचायत सदस्य का मतदान भी होगा। चारों ब्लॉक की 270 ग्राम पंचायतों के लिए 780 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चारों ब्लॉक के कुल 4 लाख 22 हजार 790 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। ग्राम पंचायतों में युवा-बुजुर्ग, असहाय, दिव्यांग एवं महिलाओं ने मतदान किया। पोलिंग बूथ से बाहर निकलने के बाद मतदाताओं के चेहरों में खुशी देखी गई। पहली बाद मत का प्रयोग करने गए युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि प्रथम चरण के बरगी, पनागर, कंडम व सिहोरा में होने जा रहे चुनाव में कुल 14 सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। जिसमें से बरगी के 7, पनागर से 1, कुंडम से 6 व सिहोरा से एक भी सरपंच निर्विरोध नहीं चुने गए हैं। इसी प्रकार प्रथम चरण में 3058 पंच निर्विरोध चुने गए है,जिसमें सर्वाधिक पंच बरगी से 947, पनागर से 693, कुंडम से 725 व सिहोरा से 693 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। मतदान के पहले चरण में पंच, सरपंच सहित 84 जनपद पंचायत सदस्य और 10 जिला पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। जिसमें बरगी पंचायत से 3 जिला पंचायत सदस्य व 22 जनपद पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। पनागर से 3 जिला पंचायत सदस्य व 20 जनपद पंचायत सदस्य, कुंडम से 2 जिला पंचायत सदस्य व 20 जनपद पंचायत सदस्य इसी तरह सिहोरा से 2 जिला पंचायत सदस्य व 22 जनपद पंचायत सदस्य चुने जाना है। प्रथम चरण में होने वाले पंचायत चुनाव में 10 जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 56 उम्मीदवार मैदान में हैं। चारों ब्लॉक की 270 ग्राम पंचायतों के लिए 780 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के बाद देर शाम तक जीत-हार का पता चल जाएगा,लेकिन अधिकृत नतीजे 14 जुलाई को आएंगे।