गोरखपुर के इंदिरा नगर में घटना, पुलिस कर रही जांच
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में इंदिरा नगर निवासी युवक पत्नी से मिलने ससुराल गया और वहां से वापस आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की मां सुबह उसे जागाने के लिए कमरे में पहुंची तो बेटा फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। गोरखपुर पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली शालिनी झारिया ने पुलिस को सूचना दी कि उसके बड़े भाई देवेंद्र झारिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गुरुवार को देवेंद्र अपनी सूपाताल स्थित ससुराल पत्नी प्रियंका से मिलने गया था। रात करीब 11 बजे वह ससुराल से वापस आया और अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह देवेंद्र देर तक नहीं उठा तो मां उसे उठाने के लिए कमरे में गई तो देखा कि देवेंद्र ने गमछे के सहारे फांसी लगा ली। पुलिस मृतक की पत्नी सहित ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ करेगी।
