जबलपुर। भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव प्रचार शंखनाद कर बूथ-बूथ दस्तक देने का अभियान शुरू कर दिया। क्या खास और क्या आम, सभी नेता-कार्यकर्ता प्रदेश नेतृत्व के आव्हान पर बूथ विजय संकल्प अभियान के तहत घर-घर संपर्क करने निकले। पार्षद टिकट फायनल करने के पहले कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि टिकट बाद में तय होगी, अभी बूथ पर ताकत दिखाओ। जिले के सभी बूथों पर इस अभियान के तहत कार्यकर्ता और नेता ढोल-नगाड़ों के साथ निकले और बूथ जिताने का संकल्प लिया।
नेता-कार्यकर्ता और पदाधिकारी बने अभियान का हिस्सा
भाजपा के महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने बताया कि आज से पार्टी ने विधिवत चुनाव का शंखनाद कर दिया है। आज हर बूथ समिति की बैठक के बाद वरिष्ठजनों का सम्मान करते हुए कार्यकर्ता संगठन की रीति नीति और सरकार की योजनाओं को लेकर घर घर पहुंच रहे हैं। इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि भी सक्रिय रहे। सांसद राकेश सिंह ने उत्तर विधानसभा अंतर्गत गोविंद बल्लभ पंत वार्ड, बधैया मोहल्ला मोड़, पूर्व विधानसभा अंतर्गत चितरंजन वार्ड गोहलपुर मालगुजार परिसर, केंट विधानसभा अंतर्गत दीवान आधार सिंह वार्ड पहुंचे। वहीं विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष राजेश मिश्र सहित पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन सहित तमाम नेता व पदाधिकारी अभियान का हिस्सा बने। संगठन ने भी इस अभियान में अपनी ताकत झौंकी। महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर सुबह पूर्व विधानसभा के आचार्य विनोबा भावे वार्ड करिया पाथर के बूथ में शामिल हुए। इसके साथ सभी जनप्रतिनिधिए प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी के साथ कार्यकर्ता भी बूथ के कार्यक्रम में शािमल हुए।