केंद्र सरकार के 8 साल की उपलब्धियां गिनाई भाजपा ने
जबलपुर। केंद्र में मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर जनहित की योजनाओं व विकास की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा ने कहा कि पहले योजनाएं कागजों पर बनती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने योजनाओं को धरातल पर लाकर राष्ट्र व समाज के विकास की अवधारणा को साबित कर दिया। पार्टी की ओर से विधायक अशोक रोहाणी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सरकार ने जो भी योजनाएं बनाईं उनके लागू होने से क्रियान्वयन के समापन तक मॉनीटरिंग की जाती है। उन्होने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। रोहाणी ने कहा की पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब कल्याण के संकल्प की सिद्धि में जुटी हुई है।
गरीब कल्याण, स्वास्थ, किसान व महिला सशक्तीकरण पर ध्यान
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हमारा लक्ष्य है। मोदी सरकार ने गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, किसान कल्याण, शिक्षा, महिला सशिक्तकरण, अधोसंरचना, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा व सांस्कृतिक बदलाव जैसे क्षेत्रों में अनेकों बदलाव कर भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। भाजपा की सरकार के कारण ही देश के साथ ही विश्व में भारत का डंका बज रहा है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, कैलाश जाटव, पूर्व मेयर डॉ स्वाति गोडबोले, सदानंद गोडबोले,प्रभात साहू रजनीश यादव सहित मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू व रवि शर्मा उपस्थित थे।