बागी प्रत्याशियों की सूची 24 घंटे के भीतर मोबाइल नंबर सहित तलब की
जबलपुर में शिवसेना के ठाणोश्वर महावर, आम आदमी पार्टी के रईस वली की नाम वापसी
भोपाल। भाजपा नेतृत्व के निर्देश के बाद भी नगरीय निकाय चुनाव मैदान में डटे पार्टी के बागी प्रत्याशियों की डिटेल मांगी गई है। प्रदेश भाजपा ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले और संगठन के निर्देश के बाद भी नामांकन वापस न लेने वाले कार्यकर्ताओं की सूची जिला अध्यक्षों से मांगी है। ऐसे बागी प्रत्याशियों को भाजपा 6 वर्षो के लिए निष्कासित कर देगी। संगठन ने 24 घंटे के अंदर बागी नेताओं की सूची फोन नंबर सहित तलब की है।
जो समझाइश से नहीं माने, वे पार्टी से निकाल दिए जाएंगे
संगठन ने साफ कर दिया है कि जो कार्यकर्ता पार्टी के निर्देश के विरुद्ध काम करेगा, वह स्वयमेव छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित माना जाएगा। बीजेपी के हजारों कार्यकर्ताओं ने नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी के घोषित प्रत्याशी के विरुद्ध नामांकन दाखिल किया है। ऐसे कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देश के बाद भी नाम वापस नहीं लिए हैं। कई प्रत्याशियों ने निर्दलीय चुनाव चिन्ह लेकर अधिकृत प्रत्याशी को चुनौती दी है। प्रदेश संगठन ने ऐसे कार्यकर्ताओं के पद व मोबाइल नम्बर के साथ सूची भी जिला अध्यक्षों से तलब की है। दूसरी ओर प्रदेश संगठन के निर्देश पर सभी नगरीय निकायों में जिला व संभागीय समितियों, कोर कमेटियों के सदस्यों, संगठन पदाधिकारियों की टीम ने मोबाइल फोन पर संपर्क और व्यक्तिगत मुलाकात कर समझाइश दी थी, लेकिन निर्देश नहीं मानने वालों को भाजपा से निष्कासित कर दिया जाएगा।
छिंदवाड़ा में भाजपा नहीं मना पाई बागी जितेंद्र को
नगर निगम चुनाव के लिए नाम वापसी के अंतिम दिन भाजपा छिंदवाड़ा में बगावत कर परचा भरने वाले जितेंद्र शाह को मनाने में नाकामयाब रही। उधर खंडवा और सतना में पार्टी उम्मीदवार के विरुद्ध नामांकन भरने वाले भाजपाइयों ने परचा वापस ले लिया है। इसके बाद मेयर पद के लिए सभी 16 नगर निगमों में सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच ही होगा। सतना में भाजपा की टेंशन तब खत्म हो गई,भाजपा के बागी मनसुख पूर्व जिला उपाध्यक्ष पटेल ने चुनावी मैदान छोड़ दिया। जबलपुर में मेयर पद के लिए 4 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए हैं। इसमें शिवसेना के ठाणोश्वर महावर, आम आदमी पार्टी के रईस वली, बहुजन समाज पार्टी के राकेश समुंद्रे व निर्दलीय नकुल गुप्ता शामिल हैं।
