प्रत्याशी चयन, वचन पत्र, सिंगल नाम सबमें फिलहाल भाजपा से आगे
जबलपुर। नगर निगम चुनाव की डमन-कड्डम में कांग्रेस की चाल हाल-फिलहाल भाजपा से तेज है। चाहे मेयर की टिकट घोषित करने का मामला हो, वार्डो में आम सहमति बनाने का मामला हो, वचन पत्र को लेकर एक राय बनाने की बात हो या फिर सामाजिक संतुलन के लिए प्रयास करने की कवायद हो, कांग्रेस इन पूरे मामलों में भाजपा से आगे चल रही है। भाजपा एक दिन का बूथ अभियान करके शांत हो गई है। जबकि कांगेस ने प्रचार का काम तेज कर दिया है। चुनाव कौन जीतेगा ये तो मतदाता तय करेंगे, लेकिन जीत के लिए प्रयास करने को लेकर कांग्रेस पिछले चुनावों की तुलना अधिक गंभीर दिख रही है।
नाम चला दस दिन, उस पर मुहर लगाकर पार्टी ने दिया संदेश
कांग्रेस ने जगत बहादुर सिंह अन्नू को मेयर की टिकट भले ही तीन दिन पहले घोषित की, लेकिन उनके नाम की चर्चा दस दिन पहले ही करनी शुरू कर दी थी। यही नहीं उनके नगर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के समय ही ये चर्चा कराई जाने लगी थी कि पार्टी ने मेयर की टिकट देने के वायदे के साथ उन्हें अध्यक्ष बनाया है। टिकट देकर कांग्रेस ने इस चर्चा को सही साबित कर दिया। समय पूर्व टिकट मिलने से कांग्रेस ने चुनाव अभियान भाजपा की तुलना में पहले करना शुरू कर दिया है,वहीं पार्टी की चिरपरिचित विरोध की राजनीति पर भी विराम लगा है और कार्यकर्ता उत्साह से जुट गए हैं।
पार्षद चयन की कवायद भी तेज, अंतिम मुहर लगना बाकी
कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशी चयन की कवायद भी भाजपा की तुलना में समय पूर्व की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक 61 वार्डो पर सिंगल नाम तय हो गए हैं। पार्टी सभी दावेदारों से ये शपथ पत्र ले रही है कि उन्हें टिकट न मिलने की स्थिति में भी वे कांग्रेस को जिताने का ईमानदार प्रयास करेंगे। जिन वार्डो में पेंच है, वहां आपस में बैठकर सहमति बनाई जा रही है। इन वार्डो में उत्तर-मध्य और पूर्व विधानसभा के ज्यादा वार्ड हैं। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि अधिकृत प्रत्याशी का विरोध करने वाले पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। पता चला है कि सोशल मीडिया में पोस्ट करने वाले एक वरिष्ठ कार्यकर्ता को कांग्रेस ने बाहर का रास्ता दिखा दिया।
प्रत्याशी को मैदानी लड़ाई में रखा फ्री, पदाधिकारी मोर्चे पर
कांग्रेस ने नगर अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू को चयन की कवायद से फ्री रखा है। उनके साथ एनपी प्रजापति और हिना कावरे ने एक बैठक ही की है। इस बैठक में अन्नू से सभी वार्डो पर राय/नाम लेकर उन्हें मेयर चुनाव पर ध्यान देने फ्री कर दिया गया है। पूरा काम दो पूर्व मंत्री,विधायक, विस हारे प्रत्याशी व एनपी प्रजापति, हिना कावरे के जिम्मे हैं। वरिष्ठ और पुराने नेताओं से भी राय ली जा रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी जल्द ही युवा नेता को देने पर विचार कर रही है।
अन्नू के विजन पर वचन पत्र को भी अंतिम रूप दिया
नगर के लिए वचन पत्र के रूप में क्या घोषणा करनी है, जानकारों से चर्चा कर इसको भी अंतिम रूप दे दिया गया है। इनमें सभी विधायकों की राय और शहर के लिए जगत बहादुर सिंह अन्नू के विजन को वरीयता दी गई है। पार्टी कमलनाथ द्वारा सीएम रहते घोषित किए गए नर्मदा फ्रंट व्यू, तीन फ्लाय ओवर, हर वार्ड को बुनियादी समस्याओं से निजात दिलाने, नदियों में नालों का पानी रोकने, पेयजल-जलप्लावन से स्थाई निजात सहित सभी वर्गो की जरूरतों पर ध्यान रखकर वचन पत्र बना रही है।
