लाइफ मेडिसिटी, आदित्य, बाम्बे एवं मन्नूलाल अस्पताल पर छापा
जबलपुर। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से पैसा वसूलने को लेकर भोपाल में पहुंची शिकायतों के बाद राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए पड़ताल कराना शुरू कर दी है। राज्य शासन ने अधिकारियों की राज्य स्तरीय टीम बनाकर जिले में इससे संबद्ध चार निजी अस्पतालों लाइफ मेडिसिटी, बाम्बे, आदित्य व मन्नूलाल अस्पताल में छान-बीन के लिए छापा मारा गया। टीम ने इन अस्पतालों में पहुंचकर न सिर्फ इस योजना के लाभार्थियों के बारे में दस्तावेजों को खंगाला, बल्कि मरीजों से फीडबैक लेकर अस्पताल में इस योजना के तहत भर्ती होने से लेकर अब तक उनसे क्या-क्या राशि ली गई है और कितना सहयोग निजी अस्पताल प्रबंधन कर रहा है के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि इन सभी अस्पतालों की शिकायत मरीजों ने गोपनीय तौर पर भोपाल में की थी, जिसके बाद अधिकारी एक्शन के मोड पर नजर आ रहे हैं।
जांच में मिले दस्तावेजों और फीडबैक से गिर सकती है गाज
सूत्रों की मानें तो जिले में निजी अस्पतालों की जांच-पड़ताल के लिए आई राज्य स्तरीय टीम को दस्तावेजों और फीडबैक के आधार पर गड़बडी मिली है। टीम ने सारे दस्तावेज जुटाते हुए यहां से रवानगी डाल दी है। निजी अस्पतालों में मिली गड़बड़ी को लेकर प्रबंधन में खलबली मची हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि भोपाल पहुंचने के बाद मुख्यालय में रिपोर्ट देते ही इन चार निजी अस्पतालों में से किसी न किसी पर कार्यवाही की गाज गिर सकती है।