धुंआधार में सतर्कता की चेतावनी पर भी पर्यटकों की लापरवाही
जबलपुर। न्यू भेड़ाघाट में बुधवार की दोपहर सेल्फी लेने के चक्कर में पर्यटकों के समूह में शामिल युवती पैर फिसलने के कारण नदी में बह गई, उसे बचाने के प्रयास में दो व्यक्ति भी नर्मदा की धार में समा गए। मौके पर मौजूद नाविकों ने युवती को निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। उसके साथ बहे दो लोगों की तलाश की जा रही है।
विजयराघवगढ़ से आया था युवक-युवतियों का समूह
बताया जाता है कि विजयराघवगढ़ से युवक-युवतियां अपने टीचर राकेश आर्या के साथ पैरा मेडिकल कोर्स की पढ़ाई के लिए एडमिशन लेन जबलपुर आए थे। मौके पर पहुंची पुलिस को उनके साथी अभिषेक चौधरी ने बताया कि टीचर के साथ प्रथम लोधी, अनिल रैदास, सत्यम बारी, खुशबू सिंह,धनेश्वरी सोनी व राम साहू भी थे। खुशबू का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी में गिरी तभी टीचर राकेश आर्या व राम साहू उसे बचाने के प्रयास में नदी के बहाव में चले गए। जोर से चिल्लाने पर कुछ नाविकों ने बचाने की कोशिश करते हुए खुशबू सिंह को निकाला, लेकिन उसकी सांसें थम गई थी। घटना की सूचना पर पहंची पुलिस ने साथियों के बयान दर्ज कर नदी में लापता राकेश आर्या व राम साहू की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भेड़ाघाट में सेल्फी लेने के चक्कर में लोग जान जोखिम में डालते हैं और चेतावनी बोर्ड को नजर अंदाज कर मौत के मुंह में समा जाते हैं।