Type Here to Get Search Results !

मेयर पद पर कल्लू की खुल सकती है लाटरी, 4 शहरों में ब्राम्हण दावेदार मजबूत

संभागीय चयन समिति की बैठक नहीं, लेकिन शाम तक मांगे 3 नाम के पैनल 

जबलपुर। मेयर पद के प्रत्याशी फायनल करने रविवार तक भाजपा का फैसला हो जाएगा। इसके लिए शनिवार की शाम होने वाले भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में मंथन किया जाना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक निकाय चुनाव के लिए प्रदेश नेतृत्व द्वारा गठित संभागीय चयन समिति की बैठक नहीं हो पाई, लेकिन कांग्रेस की घोषणा के बाद भाजपा अब देर नहीं करना चाहती इसलिए संभागीय समितियों से शाम तक 3-3 नामों के पैनल मंगाए गए हैं। जबलपुर में मेयर पद के दावेदारों में शामिल कमलेश अग्रवाल कल्लू की लाटरी खुल सकती है क्योंकि प्रदेश भाजपा के पास 16 नगर निगमों के जो दावेदारों की सूची है उसमें 5 नगर निगम ऐसे हैं जहां ब्राम्हण दावेदार मजबूत स्थिति में बताए जाते हैं। संगठन की ओर से आशीष दुबे और सांसद राकेश सिंह की ओर से श्रीराम शुक्ला का नाम वजनदारी से रखा गया है। भाजपा को ब्राम्हणों को साधने की नीति भी अपनाना है, ऐसे में कल्लू का नाम तय हो सकता है।

 पैनल पर सीएम का सव्रे और कोर ग्रुप का निर्णय ही रहेगा भारी

 भाजपा ने संभागीय चयन समितियों से कोर ग्रुप को तीन-तीन नाम के पैनल बनाकर शाम तक भेजने कहा है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह जरूरी भी नहीं है कि संभागीय समिति के पैनल में आए नाम पर ही कोर ग्रुप की मुहर लगे, इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कराए गए सव्रे में कोई नाम पैनल से अलग बेहतर समझ में आया तो उसे भी मेयर पद का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। यहां स्थानीय स्तर पर संगठन के नेताओं को भी नहीं मालूम कि संभागीय चयन समिति की बैठक कब होगी और उसमें कब दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी। वहीं सूत्रों ने बताया कि समिति के संयोजक को जिम्मेदारी दी गई है कि वे सदस्यों से चर्चा कर 3-3 नामों के पैनल कोर ग्रुप को भिजवा दें। कहा जा रहा है कि ये औपचारिकता मात्र है और संभागीय चयन समिति पार्षद पद के दावेदारों के नाम जल्द ही फायनल कर भोपाल भेज देगी।

 ब्राम्हणों की दावेदारी को साधने की भी रणनीति

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अंतिम निर्णय कोर ग्रुप और चुनाव प्रबंध समिति की बैठक के बाद ही होगा, लेकिन जिन बिंदुओं पर जिलों से रिपोर्ट मांगी गई है उसमें ब्राम्हण फैक्टर महत्वपूर्ण है। खास नगर निगमों में शामिल इंदौर में रमेश मेंदोला का नाम आने पर वहां के अन्य दो ब्राम्हण दावेदार पीछे हो गए हैं। वहीं रीवा में व्यंकटेश पांडे, संजय द्विवेदी और प्रज्ञा त्रिपाठी के नाम हैं। सागर में प्रतिभा तिवारी, संगीता तिवारी और ऋतु तिवारी के नाम हैं। जबलपुर में आशीष दुबे, श्रीराम शुक्ला के अलावा दो अन्य ब्राम्हण नेता के नाम है। सिंगरौली में गिरीश द्विवेदी प्रमुख दावेदार हैं। भाजपा मेयर पद के दावेदारों में ब्राम्हणों को साधने की रणनीति भी बना रही है, ऐसे में पैनल से हटकर कोर ग्रुप में नाम तय होने पर भी कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल कोर ग्रुप और चुनाव प्रबंध समिति की बैठक पर सबकी नजर टिकी हुई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.