आरक्षक बनने आए युवाओं को नि:शुल्क रुकने का इंतजाम
जबलपुर। एसएएफ 6वीं बटालियन ग्राउंड में शुरू होने वाले पुलिस आरक्षक भर्ती प्रकिया में फिजिकल टेस्ट के दौरान 2 अभ्यर्थियों की मौत के बाद दूसरे चरण की तैयारी में अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जा रहीं हैं। शारीरिक दक्षता परीक्षा जिसमें 800 मीटर दौड़, गोला फेंक एवं लंबी कूद में दमखम दिखाना होगा। पुलिस महकमे का सबसे मजबूत अंग ‘आरक्षक’ के लिए होने वाली भर्ती में हजारों युवा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 9 मई से शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा को अत्यधिक गर्मी व 2 युवाओं की असमय मौत के बाद 13 मई को सभी केंद्र जबलपुर, सागर, इंदौर, भोपाल, ग्वालियर एवं उज्जैन में स्थगित कर दिया गया था। युवा अपनी बौद्धिक एवं शारीरिक दक्षता का बेहतर प्रदर्शन कर विभाग में भर्ती होने के लिए प्रतियोगी प्रक्रि याओं से गुजरते हैं। एसएएफ में 25 जून तक होने वाली प्रक्रिया में प्रतिदिन 200 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एडीजी उमेश जोगा एवं एसएएफ कमांडेंट रूडोल्फ अल्वरेस के निर्देशन में सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं।
खान-पान के साथ ही एक्सपर्ट डॉक्टर रहेंगे उपलबध्य
6वीं बटालियन कमांडेंट आईपीएस रूडोल्फ अल्वरेस ने बताया कि आरक्षक(जीडी) एवं आरक्षक (रेडियो) संवर्ग भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षा में अन्य राज्यों एवं जबलपुर संभाग के अतिरिक्त बालाघाट, रीवा, शहडोल आदि संभागों के दूर-दराज के जिलों से आने वाले अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ परीक्षा केन्द्र में एक दिन पूर्व से आ जाते हैं, ताकि वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से रिलैक्स रहें। परीक्षा केन्द्र में एक दिन पूर्व आने वाले अभ्यार्थियों एवं उनके परिवारजनों को गर्मी और बारिश के मौसम में शहर में रुकने में असुविधा न हो इसके लिए बटालियन के अंदर सामुदायिक भवन में नि:शुल्क ठहरने की व्यवस्था के साथ ही सामुदायिक भवन में कूलर, पंखे, लाइट, गद्दा एवं बाथरूम उपलब्ध कराए गए हैं। सामुदायिक भवन के बाहर अभ्यार्थियों एवं उनके साथ में आए सदस्यों के बैठने के लिए कुर्सी पंडाल, कूलर की व्यवस्था की गई है। वाहिनी के समीप केन्टीन बनाई जिसमें चाय, पानी सहित आवश्यक उपयोग की वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत रखते हुए पूरी भर्ती प्रक्रि या के दौरान डॉक्टरों की टीम, प्राथमिक उपचार सुविधा सहित तथा एम्बुलेंस उपस्थित रहेंगी।
एडीजी उमेश जोगा बोले- मजबूरी में कोई न सोएगा फुटपाथ या बस स्टेंड में
शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए अलग-अलग महिला/पुरूष सामुदायिक भवन बनाए गए हैं। एडीजी उमेश जोगा ने बताया कि एक्सपर्ट डाक्टरों की टीम, एम्बूलेंस सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी कराए गए हैं। पुलिस महकमे में भर्ती होने से पहले ही पूरा पुलिस विभाग अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देगा, जो अभ्यर्थी होटल या लॉज में ठहरने में सक्षम नहीं रहते हैं, उनके ठहरने व भोजन की व्यवस्था कराई जा रही है। अभ्यर्थी को परीस्थितिवश भूखा न रहने पड़े। दूसरे प्रदेश/जिलों से आए अभ्यर्थी को किसी मजबूरी में फुटपाथ, बस स्टेंड या रेलवे स्टेशन में रात न गुजारनी पड़े, इसलिए बटालियन में समुचित व्यवस्था कराई जा रही है। किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी हो तो वह मुझसे संपर्क कर सकता है।