फार्म-बी न मिलने से बैरंग लौटे आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी
जबलपुर। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन निर्वाचन कार्यालय में मेयर पद के लिए कुल 16 प्रत्याशियों के नामांकन दर्ज किए गए। इनमें रोचक किस्सा आम आदमी पार्टी के घोषित प्रत्याशी रईस वली का जिन्हें पार्टी की फार्म-बी न मिलने से वे बैरंग लौट गए। इसके साथ ही मेयर पद की जंग में कांग्रेस के लिए मुस्लिम वोटों के विभाजन का टेंशन दूर हो गया। रईस वली को टिकट न देने के पीछे कारण बताया जा रहा है कि उन्होने प्रेस कांफ्रेंस में आप के चुनाव चिन्ह झाड़ू वाली टोपी पहनने से इंकार कर दिया था।
कांग्रेस पर दबाव बनाने का आरोप, कहा- 1 लाख वोट खो दिए
कांग्रेस फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी में किस्मत आजमाने वाले रईस वली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार मुङो फार्म-बी न देने दबाव बना रही थी और इसके लिए संगठन मंत्री को प्रलोभन भी दिया गया था। कांग्रेस को मालूम था कि फार्म-बी न मिलने से मैं चुनाव नहीं लड़ सकूंगा। उन्होने कहा कि जब मैं आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहा था तब कहा था कि उनके साथ 1 लाख लोग सदस्यता लेंगे। अब ये ही लोग हस्ताक्षर और मैसेज भेज कर अपना दर्द बताएंगे।
दूसरी टोपी इसलिए पहनी कि पार्टी का चिन्ह दिल में होता है
आम आदमी पार्टी से मेयर प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रदेश प्रभारी मुकेश गोयल ने जब पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू वाली टोपी पहनाई तो रईस वली ने इंकार कर दिया। उनका तर्क था कि चुनाव चिन्ह पार्टी का ताज होता है जिसकी जगह दिल में होती है। बाद में उन्हें दूसरी टोपी पहनाई गई थी। चर्चा है कि यही बात उन्हें फार्म-बी न मिलने से जुड़ी है।
जबलपुर मेयर पद के इन प्रत्याशियों ने दिए नामांकन
1 - नकुल गुप्ता - निर्दलीय 2 - जगत बहादुर सिंह - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 3 - लखन अहिरवार - बहुजन समाज पार्टी 4 - राकेश समुन्द्रे - बहुजन समाज पार्टी 5 - इंद्रकुमार - निर्दलीय 6 - कु. रश्मि पोर्ते - गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 7 - शशि स्टैला - निर्दलीय 8 - सचिन गुप्ता - स्मार्ट इंडियन पार्टी 9 - डॉ जितेंद्र जामदार - भारतीय जनता पार्टी 10- राजेश सेन - निर्दलीय 11 - भूपेंद्र मेहरा - निर्दलीय 12 - मोहम्मद रईस वली - आम आदमी पार्टी 13 - ठाडेश्वर महावर - शिवसेना 14 - राजकुमार त्रिपाठी - निर्दलीय 15 - विनोद कुमार - जनता दल (यू) 16 - शशि सिंह बघेल - राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी
