Type Here to Get Search Results !

भाजपा में मेयर टिकट के लिए दिल्ली का वीटो, अभी 13 तक करना होगा इंतजार

कांग्रेस का सॉफ्ट हिन्दुत्व वाले जगत बहादुर सिंह अन्नू पर दांव 

जबलपुर। मेयर पद के लिए प्रत्याशी चयन में कांग्रेस ने पत्ते खोलते हुए सॉफ्ट हिन्दुत्व वाले नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू पर दांव लगाया है, वहीं भाजपा में दिग्गजों के बीच चल रही खींचतान में दिल्ली का वीटो लगने की खबर है। पार्टी सूत्रों का दावा है कि मेयर पद के प्रत्याशियों के लिए संगठन से मिले नामों पर प्रदेश चयन समिति, कोर ग्रुप की बैठक के बाद दो दिन में निर्णय ले लेगी। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव अभियान शुरू कर दिया है।

 टॉप-5 को टॉप-3 में बदलने की कवायद

 कहा जा रहा है कि दिल्ली के वीटो ने भाजपाई मेयर के दंगल को दिलचस्प बना दिया है। ये तो तय है कि अब जो भी होगा, दिल्ली-भोपाल के इशारे पर होगा। जबलपुर का प्रभाव यहां की ‘गुटबाजी’ के चलते कम हुआ है। यही कारण है कि संस्कारधानी के मेयर का फैसला सूबे या देश की राजधानी से होगा। इस लिहाज से अगले दो दिन दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं। फिलहाल तो टॉप-3 की जद्दोजहद है। अभी की स्थिति में मामला टॉप-5 पर स्थिर है,जिसमें आशीष दुबे, कमलेश अग्रवाल, श्रीराम शुक्ला, अभिलाष पांडे और डॉ जितेंद्र जामदार के नाम शामिल बताए जाते हैं। टॉप-5 को टॉप-3 में करने भोपाल में जद्दोजहद जारी है। सूत्र बताते हैं कि टॉप-3 के बाद दिल्ली का वीटो अपना प्रभाव जमाएगा। इसके अलावा भाजपा की चौंकाने वाली नीति चली तो नया नाम भी फायनल हो सकता है।

 पार्षद टिकट के फैसले में 15 जून तक अटक सकते हैं नाम

 पार्षद टिकट के लिए भाजपा ने स्थानीय स्तर पर संगठन द्वारा सुझाए गए नामों पर विचार कर अभी लिस्ट भोपाल कार्यालय नहीं भेजी है। सूत्रों ने बताया कि दावेदारों के नाम पर हाल ही में घोषित संभाग स्तरीय चयन समिति विचार करेगी, इसके बाद प्रदेश चयन समिति में अंतिम मुहर लगेगी। इस प्रक्रिया में चार से पांच दिन लग सकते हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 जून है इसलिए प्रत्याशियों को चुनाव की तैयारी में कम वक्त मिलने वाला है, इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। बताया जाता है कि अपना वार्ड छोड़कर दूसरे वार्ड में दावेदारी करने वालों के आवेदन मान्य नहीं किए जा रहे हैं, इससे मंडल के सभी वार्डो में सक्रियता से काम करने वाले दावेदार मायूस हैं।

 कांग्रेस में उत्साह पर अभी एकजुटता पर जोर

 टिकट वितरण के मामले में कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। उसके पत्ते खाली मैदान में उड़ने बेताब हैं। भाजपा की टिकट आने तक मैदान खाली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने किसी की न सुनते हुए कल घोषित 15 में से 13 टिकटों पर अपना रुतबा दिखाया है। जबलपुर से चिर-परिचित नाम जगत बहादुर सिंह अन्नू को टिकट दी गई है। ये पहली बार हुआ है कि जिसका नाम चर्चाओं में था, टिकट उसी के हिस्से आई। अच्छा चेहरा देने के बाद भी कांग्रेस को ‘गुटबाजी’ से तो अंदरूनी लड़ाई लड़नी ही पड़ेगी। बातें कितनी भी कीं जाएं पर पार्टी के अंदरखानों में मेयर चुनाव लड़ने एकजुटता का फामरूला लागू करने प्रयास चल रहे हैं। हालांकि अन्नू सभी विधायकों की पसंद बनकर टिकट हासिल कर पाए हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.