डीआरओ अमजद हुसैन ने बताई प्रक्रिया, शंका का किया समाधान
जबलपुर। संगठन चुनाव के सिलसिले में जबलपुर आए कांग्रेस के जिला निर्वाचन अधिकारी (डीआरओ)अमजद हुसैन के सामने कांग्रेसी मुखर हो गए। दो दिन से जबलपुर में डेरा जमाय हुसैन से आम-खास सब कांग्रेसी मिले। तीनों विधायकों, नगर अध्यक्ष, पूर्व विधायक, चुनाव लड़ चुके कांग्रेसियों सहित आम कांग्रेसी भी उनसे मिले। इस दौरान एक नेता ने सीधे ही कह दिया कि आप जो नियम-कानून बता रहे हो, वो अच्छी बात है, लेकिन सच बताएं कि ये नियम-कानून क्या पालित होंगे, या फिर कागजों पर ही चुनाव हो जाएंगे। कांग्रेसियों की बात सुनकर हुसैन हतप्रभ हो गए। कांग्रेसियों की बात पर डीआरओ हुसैन ने कहा कि इस बार हम सब कुछ अच्छे से कराएंगे। इस पर जवाब दिया गया कि यदि सब कुछ अच्छे से हुआ तो कांग्रेस भी अच्छी हो जाएगी। कांग्रेसियों ने दो टूक कहा कि हम भी चाहते हैं कि अपने जिंदा रहते संगठन में नियम-कानून का पालन होते देखें। क्योंकि होता वही है जो ऊपर वाले कहते हैं। ये तक कह दिया गया कि हो सकता है कि सब कुछ पहले जैसा हो, और विधायक जो कहें, उस पर आपको और कमलनाथ जी को दस्तखत करने पड़ जाएं।
शुरू हुई निर्वाचन की प्रक्रिया, नगर अध्यक्ष से ली जानकारी
कांग्रेस में निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीआरओ अमजद हुसैन आ चुके हैं, और ग्रामीण के शर्मा भी आने वाले हैं। सर्किट हाउस नं. दो में रुके हुसैन सबसे मिल रहे हैं। उन्होने मिलने वाले सभी नेताओं से एक फार्म भी भराया, जिसमें उनका नाम पता मोबाइल नंबर, कब से पार्टी में हैं, किस पद पर रहे हैं, सहित कई डीटेल शामिल हैं। हुसैन ने कहा कि उनका प्रयास वोटर लिस्ट बनवाना है। वे बूथ की वोटर लिस्ट बनवाएंगे, इसके बाद दावे-आपत्ति बुलाई जाएंगी, फिर आगे की प्रोसेस होगी। हुसैन ने नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू से जानकारी ली। उनका कहना था कि सभी बूथों और ब्लॉकों की वोटर लिस्ट होनी चाहिए। सभी 12 ब्लॉक में कितने सदस्य बने हैं, इसकी मालुमात उन्होंने की। 5 रुपए सदस्यता शुल्क के साथ सबको 25 सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। हर बही के 25 सदस्यों का नाम है। हुसैन का प्रयास है कि 30 के पहले ही बूथ के चुनाव हो जाएं और फिर अगले महीने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का चुनाव हों, ताकि आगे नगर, प्रदेश संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सके।
