Type Here to Get Search Results !

भाजयुमो के यूथ कनेक्ट अभियान को परफेक्ट बनाएंगे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा

1 व 2 जून को जबलपुर प्रवास, वीडी शर्मा ने ली पदाधिकारियों की बैठक 

जबलपुर। विधानसभा चुनाव के पहले नगरीय निकाय व पंचायत चुनावों पर फोकस कर रही भाजपा संगठन का दमखम दिखाने और युवाओं के सहारे चुनाव अभियान को गति देने जतन कर रही है। इसके लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट अभियान को प्रभावी बनाने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा 1 जून को दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर आ रहे हैं। नड्डा यहां यूथ सम्मेलन में भाग लेने के साथ ही हजारों युवाओं के साथ रोड शो करेंगे। पार्टी अध्यक्ष के आगमन की तैयारी के सिलसिले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा गुरुवार को जबलपुर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार से तैयारियों की जानकारी ली।

 पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव में जीत का इतिहास बनाएंगे

 वीडी शर्मा ने रानीताल स्थित संभागीय कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत और कार्यक्रम को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता पर है। उनके आगमन पर जबलपुर संभाग के सभी 9 संगठनात्मक जिलों से लगभग 15 हजार युवाओं को जोड़ा जाएगा जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं, इनमें विधि, चिकित्सा, खेल, आंत्रप्रेन्योर, इंजीनियर को आमंत्रित किया जाएगा जिन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी समय में हमारे सामने पंचायत एवं नगरीय निकाय के चुनाव हैं जिनमे हमारे कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और और प्रत्येक बूथ पर हमारा कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा और चुनावों में भारी जीत का हम इतिहास बनाएंगे।

 एक मंडल व एक बूथ की बैठक में जाएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

 प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा 1951 में 10 से 12 लोगों के साथ जनसंघ के रूप में शुरू हुई पार्टी में आज करोड़ो सदस्य है जिनका डाटा हमारे पास उपलब्ध है, लेकिन उन सदस्यों का उपयोग कब और कैसे करना है यह महत्वपूर्ण है और अब जब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन हो रहा है तो ऐसे सभी लोगों तक हमारे डाटा के माध्यम से जानकारी मिले और जबलपुर में पार्टी अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत हो, यह तैयारी रखना है। उन्होने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 1 जून को भोपाल पहुंचेगे तथा शाम तक जबलपुर आएंगे। 2 जून को वे युवा मोर्चा द्वारा आयोजित यूथ कनेक्ट अभियान में शामिल होंगे। वे एक मंडल की बैठक तथा एक बूथ की बैठक को भी सम्बोधित करेंगे।

 भाजयुमो महानगर जबलपुर को फिर मिली मेजबानी

. भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने पार्टी अध्यक्ष के कार्यक्रम के संदर्भ में मोर्चा के पदाधिकारियों से कहा कि यूथ कनेक्ट अभियान पीएम नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर चलाया जा रहा है जिसमें नए युवा सदस्यों को जोड़ना है। भाजयुमो महानगर जबलपुर के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह व ग्रामीण अध्यक्ष राजमणि सिंह बघेल को बड़े आयोजन की मेजबानी का दूसरा अवसर मिल रहा है। इससे पहले जबलपुर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की सफल बैठक का आयोजन किया गया था। 

शीर्ष नेतृत्व हमारे दरवाजे पर, ऐतिहासिक स्वागत हो: राकेश सिंह

 बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद राकेश सिंह ने कहा कि हम सौभाग्यशाली है कि हमारा शीर्ष नेतृत्व हमारे दरवाजे पर आ रहा है तो संस्कारधानी की गरिमा के अनुरूप संस्कारों के साथ उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत हो इसका प्रयास मिलकर करना होगा। बैठक में संभागीय प्रभारी विधायक शरतेन्दु तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्र बाल्मीकि, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अजा मोर्चा अध्यक्ष कैलाश जाटव, महानगर जिला प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, नगर भाजपा अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी मंचासीन थे। कार्यक्रम में डॉ जितेंद्र जामदार, पूर्व विधायक अंचल सोनकर, प्रभात साहू, डॉ अभिलाष पांडे, एसके मुदद्दीन, राममूर्ति मिश्र, आंनद बर्नाड, दीपांकर बैनर्जी, सदानंद गोडबोले, राजकुमार मेहता, स्वाति गोडबोले, मनोरमा पटेल, अश्वनी परांजपे, के साथ नगर एवं ग्रामीण के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.