Type Here to Get Search Results !

पुलिस आरक्षक भर्ती: फिजिकल टेस्ट में दौड़े एक और अभ्यर्थी की मौत, तीसरी अस्पताल में

भीषण गर्मी के कारण अफसरों ने 2 जून तक स्थगित की शारीरिक दक्षता परीक्षा 

जबलपुर। पुलिस आरक्षक पद के लिए रांझी स्थित एसएएफ परेड ग्राउंड में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट)के दौरान एक और अभ्यर्थी की मौत हो गई। ग्राउंड में दौड़ के बाद मंगलवार को बेहोश हुए 29 वर्षीय इंदर कुमार लिल्हारे निवासी ग्राम सवारी खुर्द तहसील लांजी बालाघाट की उपचार दौरान मौत हो गई। निजी अस्पताल में चल रहे उपचार के दौरान हुई मौत के बाद ओमती पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा दिया। बीते 4 दिनों से 6वीं बटालियन एसएएफ में चल रहे फिजिकल टेस्ट के दौरान 2 युवकों की मौत हो चुकी है, तीसरे युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता और गर्मी के तेवर को देखते हुए पुलिस भर्ती फिजिकल टेस्ट प्रक्रिया को 2 जून तक स्थगित कर दिया गया है।

 बेटे को पुलिसकर्मी बनाने माता-पिता साथ लाए थे

पुलिस ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थी इंदर कुमार लिल्हारे को दौड़ पूरी करने के बाद सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे इंदर की उपचार दौरान मौत हो गई। इंदर कुमार लिल्हारे के पिता धेडूलाल ने बताया कि पुलिस भर्ती प्रकिया में शामिल होने के लिए वह बेटे को साथ लेकर बालाघाट से जबलपुर आए थे। धेडू लाल और मां तारा बाई निवासी ग्राम सांवरी खुर्द तहसील लांजी जिला बालाघाट ने बताया कि इंदर छोटा बेटा था। इंदर से बड़ी 2 बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बीई करने के बाद इंदर ने आरक्षक पद की ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

 24 घंटे पहले हुई सिवनी के नरेंद्र गौतम की मौत 

 रांझी टीआई विजय परस्ते ने बताया कि एसएएफ में चल रही आरक्षक शारीरिक परीक्षा के तीसरे दिन शामिल हुए अभ्यर्थियों में वार्ड नंबर 8 छपरा खेड़ा जिला सिवनी निवासी 22 वर्षीय नरेंद्र कुमार गौतम का 800 मीटर की दौड़ के बाद अचानक स्वास्थ्य खराब हो गया। दौड़ पूरी करने के बाद नरेंद्र लेट गया था, उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। नरेंद्र को तत्काल रांझी अस्पताल और वहां से रेफर करने पर विक्टोरिया फिर जबलपुर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। नरेंद्र के पिता शंकर लाल गौतम बेटे को परीक्षा दिलाने जबलपुर साथ में लेकर आए थे।

 गुरुवार को बरेला का शिवम हुआ बेहोश

बीते 2 दिन से अभ्यर्थियों को तकलीफ और एक युवक की मौत होने के बाद शरीरिक दक्षता परीक्षा की टाइमिंग बदलकर सुबह 6 से 9:30 बजे तक की गई थी। सुबह पुन: शुरू हुई दौड़ के बाद बरेला जबलपुर निवासी 27 वर्षीय शिवम सेन बेहोश हो गया। शिवम की तेज सांस चलने लगीं, जिसके बाद उसे तत्काल रांझी अस्पताल पहुंचाया गया। रांझी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने शिवम सेन की हालत में सुधार होने की बात कही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.