चल रहा बारातघर भी तोड़ा, कच्चे-पक्के मकान-टपरे भी हटाए
जबलपुर। ब्रिटिश टाइम से जबलपुर में संचालित हो रही सिविल लाइन स्थित बर्न कम्पनी परिसर की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों पर जिला प्रशासन ने बुल्डोजर चलाकर कार्रवाई की। कभी नामचीन रही बर्न कम्पनी लैंड मार्क के रूप में पहचानी जाती रही है, लेकिन देश स्वतंत्र होने के बाद क्रमश: बदलती परिस्थितियों में यहां कब्जे पर कब्जे होते गए। विगत दिनों इस मामले पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर हुई थी जिसमें राज्य सरकार के पक्ष में निर्णय आने के बाद आज जबलपुर जिला प्रशासन द्वारा यहां कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस दौरान यहां चल रहे एक बारातघर के अलावा आसपास बने मकान और किए गए अतिक्रमण को भी प्रशासनिक अमले द्वारा हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अधारताल नम: शिवाय अरजरिया और तहसीलदार राजेश सिंह सहित नगर-निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता मौजूद रहा।