आरोपियों को गिरफ्तार कर मुआवजा देने की मांग
जबलपुर। गोरखपुर थानांतर्गत ईसाई मोहल्ला में हुई गैंगवार में मारे गए सोनू के परिजनों ने गोरखपुर थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मृतक के माता-पिता को मुआवजा दिलाया जाए। प्रदर्शनकारियों को समझाइश और आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने सोनू का अंतिम संस्कार किया। गौरतलब है कि 24 अप्रैल की रात सोनू गोंड और उसके साथियों पर सतीश यादव और उसके गुर्गो ने हमला कर दिया था। घटना में घायल सोनू को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए तीन-चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।