ऑनलाइन परीक्षा में पास होने के बाद एसएएफ बटालियन में फिजिकल टेस्ट
जबलपुर। पुलिस आरक्षक (जीडी) और आरक्षक ( रेडियो) के पदों पर भर्ती के लिए मध्य प्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी)भोपाल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट आज से शुरू हो गया है। छटवीं बटालियन रांझी स्थित परेड ग्राउंड में पूरी तैयारी कर ली गई हैं। जहां प्रतिदिन सुबह 6 बजे से करीब 200 उम्मीदवारों का टेस्ट होगा। जिन उम्मीदवारों ने पहले अपने ज्ञान का कौशल बताते हुए पहला पड़ाव पार कर लिया है, अब आगे जाने के लिए उन्हें 800 मीटर दौड़, लंबी कूंद और गोला फेंक भी दम दिखाना होगा। जबलपुर के साथ आज भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और सागर में भी फिजिकल टेस्ट की शुरूआत हो गई है।
डीआईजी बालाघाट कमेटी के चेयरमैन
छठवीं बटालियन के कमांडेंट रूडोल्फ अल्वारेस ने बताया कि तेज गर्मी को देखते हुए सुबह 6.30 बजे से शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शारीरिक दक्षता चयन के विभिन्न चरणों के आधार पर ई-केवायसी सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए सभी आवेदकों को अपना आधार कार्ड साथ लेकर आना होगा। साथ ही आवेदक ये भी सुनिश्चित कर लें कि उनका आधार नंबर कहीं लॉक तो नहीं है। आवेदकों को अपने साथ सारे मूल दस्तावेज और उनकी स्व- प्रमाणति कॉपी परीक्षण के लिए लेकर बुलाया गया है। बता दें कि 5 जून तक चलने वाला फिजिकल टेस्ट 16,22 और 23 मई को नहीं होगा। जबलपुर में होने वाली शारीरिक परीक्षा के लिए 11 लोगों की कमेटी बनाई गई है। डीआईजी बालाघाट अविनाश शर्मा इस कमेटी के चेयरमैन बनाए गए हैं। जबलपुर छठवीं वाहिनी में सुबह 6.30 बजे से शारीरिक परीक्षा शुरू होगी। फिजिकल टेस्ट के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 5 बजे ही पहुंचना होगा। भर्ती परीक्षा में शामिल होने दूर-दूर से युवक जबलपुर पहुंचे हैं।
