अतिक्रमण हटा रहे अधिकारी भौंचक, आग लगाने से पहले पुलिस ने पकड़ा
जबलपुर। घमापुर चौक से स्मार्ट रोड के लिए अतिक्रमण हटा रहे पुलिस प जिला प्रशासन के अधिकारी उस समय भौंचक रह गए जब पुलिस फोर्स और भीड़ के बीच एक युवक खुद पर कैरोसिन उड़ेलकर आग लगाकर जान देने आमादा हो गया। पुलिस ने पहले समझा कि ये बुल्डोजर चलने के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन उसे जब आग लगाने के पहले केंट टीआई विजय तिवारी ने दबोचा तो उसने बताया कि पत्नी 6 दिन से गायब है, पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही है।
टीआई ने बताया लापता पत्नी मायके भी नहीं पहुंची
बताया जाता है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर निगम का दस्ता भारी पुलिस फोसे के साथ शुक्रवार को पूर्वान्ह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा था तभी भानतलैया निवासी मद्धू सोनकर बदन पर कैरोसिन उड़ेलकर वहां पहुंचा और खुद को आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने उसे आवाज देकर रोका तभी केंट टीआई विजय तिवारी ने उसे पकड़कर आग लगाने से रोक लिया। मद्धू सोनकर ने बताया कि उसने बेलबाग थाने में पत्नी के लापता होने की शिकायत की है, लेकिन 6 दिन में पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई, इसलिए वह सुसाइड करने जा रहा था। वहीं बेलबाग टीआई प्रियंका केवट ने बताया कि उसकी पत्नी घरेलु कलह से परेशान होकर उसे छोड़कर चली गई, मद्धू सोनकर की शिकायत पर गुमइंसान कायम कर पतासाजी की तो उसकी पत्नी मायके भी नहीं पहुंची। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची।
