माढ़ोताल पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी की तलाश
जबलपुर। रेप का शिकार होकर न्यायालय के चक्कर लगा रही युवती को दूसरे युवक ने प्रेमजाल में फसा लिया और फिर उसने भी शादी का झांसा देकर सालों तक लड़की का शारीरिक शोषण किया। करीब दो साल बाद उक्त युवक ने भी जब शादी से इंकार कर दिया तो युवती ने थाने पहुंचकर उसके खिलाफ भी रेप का प्रकरण दर्ज कराया। माढ़ोताल पुलिस ने बताया कि थानाक्षेत्र में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पूर्व उसके साथ रेप हुआ था। इसी सिलसिले में पेशी के दौरान कोर्ट जाते-जाते उसकी पहचान अधारताल निवासी अज्जू उर्फ अजय कन्नौजिया से हो गई, जो कि खुद शातिर बदमाश है और अपने केसों के सिलसिले में कोर्ट आता-जाता था। दोनों के बीच मेल मुलाकात बढ़ी और अज्जू उसकी मांग में सिंदूर भरकर लिव इन रिलेशन में रहने लगा। करीब दो साल बाद युवती को पता चला कि अज्जू पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच्चाई के सामने आने के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
