बढ़ाया हौसला, एकत्र ब्लड जाएगा अस्पतालों में
जबलपुर। वर्ल्ड रेडक्रॉस डे पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कलेक्टर कार्यालय स्थित रेडक्रॉस भवन में किया गया, जिसमें कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी के साथ रेडक्रास सोसायटी उपाध्यक्ष व ग्लोबल ग्रुप के चेयरमैन सौरभ बड़ेरिया, सचिव अशीष दीक्षित ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ कर सबका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आए रक्तदाताओं द्वारा किए गए रक्त को एकत्रित कर उसे मरीजों की सहायतार्थ भेजा जा रहा है। इसका उपयोग गर्भवती महिलाओं, कैंसर पीड़ितों और हीमोफीलिया एवं थैलीसीमिया के मरीजों और दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार में किया जाएगा। इस अवसर पर यहां पर डॉ. जितेंद्र जामदार,रेडक्रास के सदस्य नीरज वर्मा आदि ने रक्तदान किया।
कहीं भी ब्लड की कमी न होने देंगे
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आशीष दीक्षित ने बताया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस पर बाजनामठ स्थित वृद्धाश्रम में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। दरअसल रक्तदान की कमी से प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा लगातार संघर्ष कर रहा है। उस पर जब रेयर ग्रुप का मामला सामने आ जाता है तब स्थिति विकट हो जाती है। इसलिए प्रशासन का उद्देश्य सभी ब्लड बैंक में ब्लड की कमी नहीं होने देना है। इसमें खास तौर पर सरकारी अस्पतालों में रक्त की आपूर्ति करने प्रशासन सतत प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से वर्ल्ड रेडक्रॉस डे पर यह आयोजन किया गया।