Type Here to Get Search Results !

सीएसपी-टीआई ऐसे क्राइम-स्पॉट चिन्हित करें जहां चाहे जब होता है अपराध और विवाद

एसपी सिद्धार्थ ने क्राइम समीक्षा मीटिंग में कहा-‘जनचेतना शिविर’ लगाओ 

जबलपुर। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सभी सीएसपी व थाना प्रभारियों को हिदायत दी है कि एक ही क्षेत्र में बार-बार अपराध होने या विवाद की स्थिति निर्मित होने पर उन्हें चिन्हित करें और निपटारे के लिए ‘जन चेतना शिविर’ लगाएं। ऐसे क्षेत्रों को ‘क्राइम स्पॉट’ के तौर पर चिन्हित कर उनमें सुधार की दिशा में कारगर पहल होनी चाहिए। पुलिस कंट्रोल रूम में क्राइम समीक्षा मीटिंग के दौरान एसपी ने थाना प्रभारियों के साथ ही सभी सीएसपी की क्लास ली और अपराध नियंत्रण के अलावा ‘सामुदायिक पुलिसिंग’ के लिए जनता से अच्छे संबंधों पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। 

गवाह भूलने न पाएं घटना, इसलिए समय पर कराएं कोर्ट में बयान

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति के प्रकरणों में न्यायालय में विचारण के दौरान अभियोजित प्रकरण की सतत एवं प्रभावी मॉनीटरिंग करें। न्यायालय में अभियोजन एवं विचारण के दौरान साक्ष्य की प्रक्रि या में विलंब होने से गवाहों की स्मृति में घटना से जुड़े तथ्य विस्मृत अथवा कामजोर होने की संभावना रहती है। प्रतिपरीक्षण में बचाव पक्ष हमेशा इसका लाभ उठाने का काम करता है। विचारण/अभियोजन प्रक्रि या में त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्षियों का यथा शीघ्र न्यायालयों में भय रहित वातावरण में बयान कराए जाएं ताकि आरोपियों को उनके आपराधिक कृत्य का दंड मिल सके। अब 1 जनवरी 2022 से प्रतिमाह 2 प्रकरणों का चयन किया जा रहा है। साथ ही विगत 5 वर्ष में जिन स्थानों पर 5 या अधिक अपराध घटित हुए हैं उन स्थानों की पहचान क्राइम स्पॉट के रूप में की गई है। चिन्हित किये गये क्षेत्रों में कैंप लगाकर अपराध व विवाद के कारण का पता लगाने प्रयास करें ताकि पुनरावृत्ति न हो, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के प्रकरणों में पीड़ित को तत्काल राहत राशि दिलाई जाए।

 गंभीर मामलों की विवेचना में राजपत्रित अधिकारी ध्यान दें

 एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सनसनीखेज जघन्य गंभीर अपराधों एवं धोखाधड़ी, चिटफंड कंपनी से संबंधित धारा 420, 467, 468, 471 के प्रकरणों तथा एससी/एसटी के प्रकरणों में अभी तक विवेचना में हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्य विवेचना के बारे में सम्बंधित राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को निर्देशित करते हुए शीघ्र निकाल के लिए आदेशित किया। एसपी ने कहा कि विशेष अभियान के तहत कालाबाजारी करने वालों तथा मिलावटखोरों, भू-माफिया/चिटफंड कंपनी के कारोबारियों एवं सूदखोरों तथा संगठित जुआ सट्टा खिलाने वालों, अवैध शराब एवं मादक पदार्थ/नशीले इंजेक्शन के कारोबार मे लिप्त आरोपियों तथा अवैध रेत के उत्खनन एवं परिवहन के कारोबार में लिप्त माफिया के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करें। समीक्षा बैठक में एसपी अजाक समर वर्मा, एएसपी गोपाल प्रसाद खाण्डेल, एएसपी संजय कुमार अग्रवाल, एएसपी प्रदीप कुमार शेण्डे, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी सहित शहर व देहात के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.