पंच-सरपंच, जनपद पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन शुरू
जबलपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के आम निर्वाचन 2022 के लिए आज जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने दो चरण में होने वाले पंच-सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही इन पदों पर दावेदारी करने वालों द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त कर जमा करने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुभारंभ से पहले कलेक्टर कार्यालय स्थित देवी माता के मंदिर में कलेक्टर और स्टाफ द्वारा पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देश और गाइडलाइन के मुताबिक विधि-विधान से निर्वाचन 2022 के कार्य का शुभारंभ किया गया।
निर्वाचन कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उप जिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया के मुताबिक जबलपुर जिले में पहला चरण 25 जून को सिहोरा, कुंडम, पनागर और जबलपुर जनपद पंचायत क्षेत्र और दूसरा चरण 1 जुलाई को मझौली, पाटन, शहपुरा जनपद पंचायत क्षेत्र के लिए मतदान सम्पन्न कराया जाएगा। पंच-सरपंच पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने नाम निर्देशन पत्र संबंधित क्षेत्र के कलस्टर एआरओ के समक्ष प्रस्तुत करना शुरू कर दिया गया है। इस क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए क्षेत्र क्रमांक 17 से अर्चना दाहिया ने पहला नामांकन पत्र हासिल किया। समाचार लिखे जाने तक कलेक्टर कार्यालय में चुनावी गहमागहमी नजर आने लगी है। कलेक्टर कार्यालय सहित सभी जनपद पंचायत कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्था में चूक नहीं हो इसके चलते कार्यपालिक मजिस्ट्रेट व प्रशासनिक अधिकारी भी सतत सम्पर्क बनाए हैं।
दिन मे दो बार स्नान करना चाहिए, बिस्तर के चादर साफ रखें
ReplyDelete