शहपुरा में वारदात, पुलिस कर रही चोरों की तलाश
जबलपुर। शहपुरा थाना में पदस्थ और थानाक्षेत्र में ही रहने वाले एक आरक्षक के घर में चोरों ने धावा बोलकर नगदी सहित जेवरात पार कर दिए। घटना के वक्त आरक्षक रात्रि गश्त में गया हुआ था। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक शहपुरा थाने में पदस्थ एक आरक्षक की नाइट ड्यूटी होने के कारण परसों रात वह गश्त पर गया था। ड्यूटी खत्म होने पर तड़के जब वह घर आया तो घर का ताला टूटा हुआ था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी चैक करने पर आरक्षक को पता चला कि लॉकर में रखे नगद रुपए और सोने की अंगूठी व अन्य जेवर वहां से गायब हैं। उसी रात शहपुरा में ही रहने वाले एक पान दुकान संचालक के घर में भी चोरों ने धावा बोलकर घटना को अंजाम दिया है। एक अन्य वारदात में रांझी थानाक्षेत्र स्थित सूने घरों पर भी चोरों ने धावा बोला और कीमती सामान ले गए। पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।