Type Here to Get Search Results !

जबलपुर नहीं ‘ धूलपुर ’, युवा कांग्रेसियों ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को सौंपी ठेला भर कर धूल

आम आदमी की तकलीफ को उजागर किया, धूल से बीमार हो रही जनता

 जबलपुर। शहर में अधिकारियों की लापरवाही और ठेकेदारों की मनमानी से आम जनता की तकलीफ उजागर करते युवा कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया। चौतरफा उड़ते धूल के गुबार और सड़कों पर चलने वालों की आवाज बनकर युवा कांग्रेसियों ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को ठेला भर कर धूल सौंपी। आंदोलन की टैग लाइन थी कि जबलपुर को अब ‘धूलपुर’ कहा जाने लगा है।

 एसी कमरों में बैठे अधिकारियों को नहीं जनता की चिंता

 ठेला में धूल भरकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस नेता समर्थ अवस्थी के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी कर स्मार्ट सिटी कार्यालय को घेराव किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर ठेला भरकर धूल स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को सौंपी। साथ ही शहर को धूल मुक्त करने स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि सिंह राजपूत को ज्ञापन सौंपा। समर्थ अवस्थी ने कहा कि जबलपुर शहर को धूलपुर बना दिया गया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारी व ठेकेदार लगातार भ्रष्टाचार कर रहे हैं और मनमाने ढंग से निर्माण कर रहे हैं। शहर के राइट टाउन नेपियर टाउन व गोल बाजार क्षेत्र में सालों से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही बरती जा रही है। प्रतिदिन धूल उड़ने से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। जिससे आम नागरिक के साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्मार्ट सिटी के अधिकारी एसी कमरों में बैठकर आम जनता की तकलीफ नहीं समझ पा रहे हैं। नागरिकों को त्वचा संबंधी व अस्थमा की बीमारी घेर रही है, इसकी चिंता भाजपा सरकार में बैठे नेताओं को भी नहीं है। प्रदर्शन के दौरान युवाओं का उत्साह बढ़ाने नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू भी पहुंचे। इस दौरान अमरीश मिश्र, अयोध्या तिवारी बंटी, शिशिर नन्होरिया, चिंटू चौकसे सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.