पुनगर्ठन में किए गए कई बदलाव, राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ होगी बैठक
भोपाल। भाजपा ने मिशन-2023 को ध्यान में रखते हुए पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के पहले संगठन को सक्रिय करने के साथ ही स्टेट इलेक्शन कमेटी, स्टेट कोर ग्रुप, प्रदेश आर्थिक समिति और प्रदेश अनुशासन समिति की घोषणा कर दी है। इसके लिए कुछ बदलाव करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कोर ग्रुप में स्थान दिया गया है तो वहीं प्रभात झा सहित वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा, सत्ययनारायण जटिया, कृष्णमुरारी मोघे को जगह नहीं मिली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सहमति लेकर नई कमेटियों की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खास माने जाने वाले विधायक रामपाल सिंह को इलेक्शन कमेटी में जगह दी गई है। इसमें एसी-एसटी वर्ग के कोटे से भी दो नए नाम जोड़े गए हैं। इसमें सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक को जगह दी गई है। वीडी शर्मा के बीते दो साल के कार्यकाल के बाद पुनर्गठन में यह बदलाव किया गया है। बताया जाता है कि नए कोर ग्रुप व इलेक्शन कमेटी के साथ 1 जून को भोपाल आ रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बैठक लेंगे।


