राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कलेक्टरों से की चर्चा
भोपाल। नगरीय निकायों के चुनाव में ईवीएम और त्रि-स्तरीय पंचायतों के चुनाव में मतपत्र और मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने यह बात कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा के दौरान कही। बीपी सिंह ने कहा कि नगरीय निकायों के चुनाव 2 चरणों में और पंचायतों के चुनाव 3 चरणों में करवाए जायेंगे। दोनों चुनाव साथ में कराना है, इसलिए ऐसी तैयारी करें कि कोई कठिनाई नहीं हो। कोई भी समस्या हो, तो मुङो अथवा सचिव राज्य निर्वाचन आयोग को तुरंत बताए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केन्द्रों की समीक्षा कर जानकारी जल्द आयोग को उपलब्ध कराएं।
सीएम ने कहा कमर कस लो, कमलनाथ भी तैयारी में जुटे
ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा भले ही इस मामले में फिर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसमें गुंजाइश कम देखते हुए पार्टी का संगठन चुनावी मोड में आ गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हो जाओ। शिवराज सिंह ने कहा कि साथियो सोचने का समय गया, चलो रचें इतिहास नया। कमर कस के तैयार हो जाएं। पार्टी ने जो व्यवस्था बनाई है, उस पर तत्काल काम शुरू करें। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने वचन पत्र समिति की बैठक में पार्टी दिग्गजों से चर्चा की और संगठन को निर्देश दिए कि पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ने तैयार हो जाएं। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस हर एक जिले का अलग वचन पत्र तैयार करेगी जिसमें जनता के हित के सारे मुद्दे शामिल होंगे।
