बारिश के पहले जलप्लावन रोकने अलर्ट हुआ प्रशासन
जबलपुर। शहर में जलप्लावन रोकने और पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की जड़ तक पहुंचने कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने मुख्य ओमती नाले के छोर लमती पहुंच गए। दरअसल, शहरी नाले-नालियों के पानी की निकासी ओमती नाले से होकर विजय नगर के आगे लमती तक जाती है, इसी नब्ज को कलेक्टर ने पकड़ा और ओमती नाले की सफाई पर जोर देते हुए बारिश से पहले निकासी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी बारिश के पहले ही शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर फोकस कर रहे हैं। उन्होने शहर के नाले-नालियों की सफाई के साथ ही लमती क्षेत्र के विजय नगर से गुजर रहे ओमती नाले की चल रही सफाई कार्य का जायजा लिया। इस दौरान प्रभारी निगमायुक्त महेश कोरी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने यहां जेसीबी मशीन से किए जा रहे नाले की सफाई कार्य देखने के साथ-साथ मौजूद अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दरअसल जबलपुर में बारिश के समय निकासी न होने से बस्तियों में जलप्लावन की विकट समस्या सामने आती है। इसके चलते अलर्ट प्रशासन ने समय रहते ही नाले-नालियों की सफाई और व्यवस्था पर फोकस करना शुरु कर दिया है।